ऑनलाइन बेटिंग और वनएक्सबेट मामले में सेलेब्रिटी संपत्तियों की जब्ती की तैयारी

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ऑनलाइन सट्टेबाजी और गेमिंग प्लेटफॉर्म 'वनएक्सबेट' से जुड़े मामलों की जांच के तहत कुछ क्रिकेटरों और अभिनेताओं की करोड़ों रुपये की संपत्तियां जब्त करने की तैयारी कर रही है। केंद्रीय एजेंसी का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि कई नामी हस्तियों ने इस कंपनी से मिली एंडोर्समेंट फीस का इस्तेमाल संपत्तियों की खरीद में किया।
एजेंसी के मुताबिक, जिन संपत्तियों को अटैच किया जाएगा, उनमें भारत के अलावा विदेशों में स्थित चल-अचल संपत्तियां भी शामिल हैं। ED ने कहा कि एंडोर्समेंट फीस को कानून के तहत 'अपराध से अर्जित आय' माना जा रहा है।
अस्थायी अटैचमेंट आदेश जल्द जारी होगा
ईडी संपत्तियों के मूल्यांकन के बाद अस्थायी अटैचमेंट आदेश जारी करेगी। इसके बाद प्राधिकरण से मंजूरी लेने के बाद विशेष अदालत में चार्जशीट दाखिल कर इन्हें स्थायी रूप से जब्त किया जाएगा।
पूछताछ में शामिल नामी हस्तियां
ईडी पिछले कुछ हफ्तों में कई खिलाड़ियों और कलाकारों से पूछताछ कर चुकी है। इसमें पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर युवराज सिंह, सुरेश रैना, रॉबिन उथप्पा, शिखर धवन, अभिनेता सोनू सूद, पूर्व सांसद मिमी चक्रवर्ती और बंगाली अभिनेता अंकुश हजरा शामिल हैं। इसके अलावा कुछ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से भी पूछताछ की जा रही है।
एजेंसी बैंक खातों और लेन-देन से जुड़े दस्तावेज खंगाल रही है। पूछताछ के दौरान ED ने यह जानने की कोशिश की कि भुगतान किस माध्यम से हुआ, यह भारत में या विदेश में किया गया और क्या उन्हें पता था कि ऑनलाइन सट्टेबाजी भारत में अवैध है।
उर्वशी रौतेला भी ED की रडार पर
अभिनेत्री उर्वशी रौतेला को भारत में वनएक्सबेट की ब्रांड एंबेसडर बताया जाता है। उन्हें भी एजेंसी ने तलब किया है, लेकिन विदेश यात्रा के कारण वह अब तक पेश नहीं हो पाईं।
वनएक्सबेट का परिचय
कुरासाओ में पंजीकृत 'वनएक्सबेट' कंपनी 18 साल पुरानी है और लगभग 70 भाषाओं में उपलब्ध है। भारत में ऑनलाइन सट्टेबाजी पर हाल ही में लागू कानून के तहत इस पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। अनुमान है कि प्रतिबंध से पहले भारत में लगभग 22 करोड़ यूजर इस प्लेटफॉर्म से जुड़े थे, जिनमें से आधे नियमित रूप से सक्रिय थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.