झारखंड में SIR के दौरान मिले फर्जी जन्म प्रमाणपत्र, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने दिए कार्रवाई के निर्देश

HIGHLIGHTS
- झारखंड में SIR के दौरान फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मिलने का मामला सामने आया।
- गढ़वा, रांची और पलामू में सुपर चेकिंग के दौरान फर्जी दस्तावेज मिले।
- 22 नवंबर को पाकुड़ में भी फर्जी जन्म प्रमाणपत्र पाया गया।
रांची। झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के तहत नोटिस और सुनवाई की प्रक्रिया के दौरान फर्जी जन्म प्रमाणपत्र सामने आ रहे हैं। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने एसआइआर से जुड़े अधिकारियों को सतर्क रहने और फर्जी दस्तावेज मिलने पर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने जिला निर्वाचन पदाधिकारियों, उप निर्वाचन पदाधिकारियों, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि गढ़वा, रांची और पलामू में सुपर चेकिंग के दौरान कई मामलों में फर्जी जन्म प्रमाणपत्र लगाए जाने की जानकारी मिली है।
इसके अलावा 22 नवंबर को पाकुड़ में हुई सुपर चेकिंग के दौरान भी एक फर्जी जन्म प्रमाणपत्र पाया गया। उन्होंने अधिकारियों से ऐसे मामलों की गंभीरता से जांच करने और आवेदकों की पात्रता का सही तरीके से सत्यापन करने को कहा। साथ ही स्पष्ट किया कि फर्जी जन्म प्रमाणपत्र जमा करने वाले और ऐसे दस्तावेज उपलब्ध कराने में मदद करने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि राज्य के सभी जिलों में एसआइआर से जुड़े कार्यों की सुपर चेकिंग की जा रही है। इसी सिलसिले में उन्होंने 21 और 22 नवंबर को संताल परगना प्रमंडल के जरमुंडी, पाकुड़ और राजमहल विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में चल रहे कार्यों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया था।
इस दौरान कई अभिलेखों और प्रक्रियाओं में गंभीर खामियां पाई गईं। उन्होंने खास तौर पर उन मामलों की गहन जांच करने का निर्देश दिया, जिनमें आवेदकों के माता-पिता जीवित हैं, लेकिन उनके विवरण उपलब्ध नहीं कराए गए हैं।
ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारियों को आवेदकों से जरूरी जानकारी प्राप्त कर निर्धारित नियमों के अनुसार सत्यापन और कार्रवाई करने को कहा गया। इस वर्चुअल बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
EPIC नंबर उपलब्ध होने पर भी नहीं किया जा रहा दर्ज
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने इस बात पर नाराजगी जताई कि कई मामलों में माता-पिता के नाम और उनकी EPIC (फोटो पहचान पत्र) संख्या उपलब्ध होने के बावजूद गणना प्रपत्र, घोषणा पत्र और आदेश पत्रक में इनका उल्लेख नहीं किया जा रहा है।
उन्होंने निर्देश दिया कि ECI Net पर उपलब्ध EPIC संख्या का अनिवार्य रूप से सत्यापन किया जाए और उसे संबंधित दस्तावेजों में दर्ज करना सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा जिन आवेदकों के माता-पिता पहले के विशेष गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची में पंजीकृत हैं, उनके विवरण को संबंधित आवेदक के साथ अनिवार्य रूप से लिंक किया जाए।
यदि माता-पिता का निधन हो चुका है या उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो ऐसी स्थिति में निर्धारित नियमों और प्रक्रिया का पालन किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट निर्देश दिया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किसी भी मतदाता का नाम पर्याप्त जांच, उचित कारण और सक्षम स्तर से आदेश पारित किए बिना अंतिम रूप से नहीं हटाया जाए।
30 नवंबर तक सुपर चेकिंग की रिपोर्ट देने का निर्देश
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि जिन मामलों में अभिलेखों में कमियां मिली हैं या निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया है, उनमें तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएं।
उन्होंने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में सुपर चेकिंग करने और इसकी अनुपालन रिपोर्ट 30 नवंबर तक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.