भारतीय सुरक्षा एजेंसियों का बड़ा खुलासा, रक्षा अधिकारियों के व्हाट्सएप ग्रुप में मिले पाकिस्तानी एजेंट

HIGHLIGHTS
- पाकिस्तानी खुफिया एजेंटों ने करीब 13-14 निजी व्हाट्सएप ग्रुपों में घुसपैठ की।
- इन ग्रुपों का इस्तेमाल केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और रक्षा नागरिक अधिकारियों द्वारा किया जाता था।
- संदिग्ध एजेंट भारतीय मोबाइल नंबरों के जरिए ग्रुपों में शामिल हुए थे।
नई दिल्ली। भारतीय सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़ी एक बड़ी घुसपैठ का खुलासा किया है। समाचार एजेंसी पीटीआई ने सोमवार को अधिकारियों के हवाले से बताया कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंटों ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और रक्षा नागरिक अधिकारियों के इस्तेमाल में आने वाले करीब 13-14 निजी व्हाट्सएप ग्रुपों तक पहुंच बना ली है।
इस मामले के सामने आने के बाद एजेंसियों ने सोशल कम्युनिकेशन प्लेटफॉर्म्स का व्यापक ऑडिट कराने के निर्देश जारी किए हैं।
भारतीय मोबाइल नंबरों से ग्रुपों में बनाई जगह
अधिकारियों के अनुसार, संदिग्ध एजेंटों ने भारतीय मोबाइल नंबरों के जरिए इन व्हाट्सएप ग्रुपों में प्रवेश किया था। वे साइलेंट मेंबर के तौर पर ग्रुपों में बने रहे और बिना कोई गतिविधि दिखाए वहां होने वाली बातचीत तथा साझा किए जाने वाले दस्तावेजों पर नजर रखते रहे।
इस घटना को संवेदनशील सुरक्षा जिम्मेदारियां निभाने वाले कर्मचारियों को निशाना बनाकर चलाया गया लक्षित साइबर जासूसी अभियान माना जा रहा है।
घुसपैठ की जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बलों और रक्षा-नागरिक संगठनों को अपने सोशल कम्युनिकेशन प्लेटफॉर्म्स की बारीकी से जांच करने के लिए कहा गया है। इसमें चिन्हित व्हाट्सएप ग्रुप भी शामिल हैं। साथ ही संदिग्ध और अनजान सदस्यों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा, यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि अनधिकृत या सार्वजनिक मंचों पर किसी भी तरह की आधिकारिक अथवा गोपनीय जानकारी साझा न की जाए।
साइबर सुरक्षा दिशानिर्देशों के सख्त पालन के निर्देश
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मौजूदा साइबर सुरक्षा दिशानिर्देशों को कड़ाई से लागू करने पर जोर दिया गया है। इस घटना के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर गोपनीय सूचना या डेटा साझा नहीं करने की हिदायत भी दी गई है।
यह ताजा अलर्ट उस घटना के बाद जारी किया गया है, जिसमें अधिकारियों ने रक्षा-नागरिक अधिकारियों के एक व्हाट्सएप ग्रुप में एक संदिग्ध पाकिस्तानी खुफिया एजेंट की पहचान की थी। वह खुद को डीआरडीओ की वैज्ञानिक सोनिया बताकर ग्रुप में शामिल हुई थी।
अधिकारियों को आशंका है कि इस ग्रुप में पैसों के बदले कुछ संवेदनशील जानकारी साझा की गई थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.