मध्य प्रदेश में दर्दनाक सड़क हादसा: पिकअप-बाइक की टक्कर में चार भाई-बहनों की मौत

HIGHLIGHTS
- मध्य प्रदेश के कानवन थाना क्षेत्र के ग्राम कुमेड़ी में भीषण सड़क हादसा हुआ।
- कोद-बिड़वाल रोड पर पिकअप और बाइक की आमने-सामने टक्कर हुई।
- हादसे में बाइक सवार शुभम (20) और उसकी तीन चचेरी बहनों की मौत हो गई।
धार: जिले के कानवन थाना क्षेत्र के ग्राम कुमेड़ी में कोद-बिड़वाल रोड पर बिलकेश्वर महादेव मंदिर के नजदीक सोमवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां पिकअप और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक पर सवार चार भाई-बहनों की मौके पर ही जान चली गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस के मुताबिक, पिकअप वाहन क्रमांक MP 09 GH 4628 कोद से बिड़वाल की ओर जा रहा था। इसी दौरान श्रवण के घर के सामने बिड़वाल की तरफ से आ रही मोटरसाइकिल क्रमांक MP 11 ZL 5727 से उसकी सीधी टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
जगराते के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे चारों
इस हादसे में बाइक चला रहे शुभम पिता भारत मेडा (20), निवासी पांदा, और उसके साथ मोटरसाइकिल पर सवार उसकी तीन चचेरी बहनों की मौत हो गई। मृतक किशोरियों की पहचान भूरी उर्फ अक्षरा (14), आनंदी (16) और सुहाना (12) के रूप में हुई है। तीनों पांदा की रहने वाली थीं।
बताया गया है कि शुभम अपनी तीनों चचेरी बहनों को लेकर एक ही बाइक से शंकरपुरा जा रहा था। वहां उसकी बहन भावना भाबर के घर रात्रि जगराते का आयोजन था, जिसमें सभी को शामिल होना था। हालांकि, कार्यक्रम में पहुंचने से पहले ही रास्ते में यह हादसा हो गया और चारों की जान चली गई।
पिकअप के नीचे दब गया था बाइक चालक
टक्कर के बाद बाइक चला रहा शुभम पिकअप वाहन के नीचे दब गया था। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर उसे बाहर निकाला। घटना की जानकारी मिलने पर एंबुलेंस की मदद से चारों को सरकारी अस्पताल बदनावर पहुंचाया गया।
पुलिस ने हादसे में शामिल दोनों वाहनों को जब्त कर थाने पहुंचा दिया है। कानवन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.