एशिया में तीसरी सबसे बड़ी ताकत बना भारत, रिपोर्ट के बाद भाजपा का राहुल गांधी पर हमला

HIGHLIGHTS
- एशिया पावर इंडेक्स 2026 में भारत का स्कोर 0.5 अंक बढ़कर 40.5 हुआ।
- भारत ने एशिया के तीसरे सबसे शक्तिशाली देश के रूप में अपनी स्थिति मजबूत की।
- रिपोर्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को क्षेत्र का दूसरा सबसे प्रभावी नेता बताया गया।
नई दिल्ली। एशिया पावर इंडेक्स 2026 की रिपोर्ट में भारत की मजबूत स्थिति सामने आने के बाद देश की सियासत गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी ने इस रिपोर्ट को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इससे विपक्ष को वास्तविक स्थिति का एहसास हुआ है। भाजपा के मुताबिक, भारत एशिया में एक प्रमुख शक्ति के रूप में लगातार अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है।
लोवी इंस्टीट्यूट की रिपोर्ट के अनुसार, भारत के स्कोर में 0.5 अंक का इजाफा हुआ है और यह बढ़कर 40.5 हो गया है। इसके साथ ही भारत ने एशिया के तीसरे सबसे शक्तिशाली देश के रूप में अपनी स्थिति बरकरार रखी है। रिपोर्ट में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को क्षेत्र के दूसरे सबसे प्रभावशाली नेता के तौर पर भी स्थान दिया गया है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान लोवी इंस्टीट्यूट की रिपोर्ट के साथ गोल्डमैन सैक्स, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) और अन्य अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की हालिया रिपोर्टों का जिक्र किया। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वे विदेश दौरों के दौरान भारत को बदनाम करने के लिए बेहद खराब शब्दावली का इस्तेमाल करते हैं।
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि ये सभी रिपोर्टें ऑनलाइन उपलब्ध हैं। उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा, "राहुल गांधी, न तो आप खुद पढ़ते हैं और न ही आपको पढ़ाने वाले पढ़ते हैं।" उन्होंने सवाल उठाया कि राहुल गांधी किस आधार पर भारत की अर्थव्यवस्था के भविष्य को बेहद अंधकारमय बता रहे हैं और देश में विकास नहीं होने की बात कह रहे हैं।
भाजपा नेता ने आगे सवाल किया कि क्या राहुल गांधी ने भारत को बदनाम करने का ठेका ले रखा है? प्रसाद ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अपने परदादा और देश के पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की सीख का भी पालन नहीं करते। उन्होंने कहा कि नेहरू का मानना था कि विदेश नीति के मुद्दे पर सहमति होनी चाहिए, खासकर तब जब देश के बाहर हों।
भाजपा नेताओं ने भी राहुल गांधी पर साधा निशाना
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि एशिया पावर इंडेक्स में शीर्ष पांच देशों के बीच अपनी जगह बनाए रखने के साथ प्रभाव बढ़ाने वाला भारत एकमात्र प्रमुख शक्ति वाला देश है।
उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस का भविष्य तबाह हो सकता है, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का भविष्य सुरक्षित, संरक्षित और समृद्ध है। भंडारी ने कहा कि कांग्रेस के झूठ की गूंज को अब वास्तविकता का सामना करना पड़ा है।
वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक आशीष उषा अग्रवाल ने कहा कि भारत का 40.5 का स्कोर देश के बढ़ते रणनीतिक प्रभाव को दिखाता है। उनके मुताबिक, यह उस देश की प्रगति का संकेत है, जो वैश्विक स्तर पर अपनी पहुंच लगातार बढ़ा रहा है।
भाजपा के राज्यसभा सदस्य विनोद तावड़े ने भी इस रिपोर्ट को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि दुनिया भारत के 'उत्थान के दशक' को स्वीकार कर रही है। उन्होंने कहा कि विदेशों में भारत को कमजोर बताने वालों को दुनिया के आकलन को पढ़ना चाहिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.