2017 से पहले विकास का पैसा 'सैफई सिंडिकेट' लूटता था: आगरा में गरजे सीएम योगी

HIGHLIGHTS
- सीएम योगी ने आगरा में 53 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
- सपा-कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पिछली सरकारों पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप।
- आगरा एयरपोर्ट, बौद्धिक-पर्यटन और औद्योगिक विकास को लेकर योजनाओं की जानकारी दी।
आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को फतेहाबाद रोड स्थित टाटा मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस की सरकारों पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने 53 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले विकास के लिए आने वाला पैसा सैफई सिंडिकेट लूट लेता था। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं की नौकरियां सैफई खा जाता था और चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली करती थी।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे सोकर उठते हों, दो बजे तैयार होकर निकलते हों और शाम सात बजे के बाद दोस्तों के साथ व्यस्त हो जाते हों, उनसे विकास की उम्मीद नहीं की जा सकती। सीएम योगी ने कहा कि आज डबल इंजन की सरकार में बिना किसी भेदभाव के युवाओं को सरकारी नौकरियां मिल रही हैं और ताजनगरी में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
आक्रमणकारियों के नाम पर नहीं बनेगा म्यूजियम
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार की सोच गुलामी वाली थी, इसलिए मुगलों और आक्रमणकारियों के नाम पर म्यूजियम बनाए जा रहे थे। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने फैसला लिया है कि म्यूजियम किसी आक्रमणकारी के नाम पर नहीं, बल्कि भारत के राष्ट्रनायकों के नाम पर बनाए जाएंगे।
सीएम योगी ने बताया कि आगरा में छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर बन रहे भव्य म्यूजियम का निर्माण कार्य इस साल के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा कैलाश मंदिर और गुरु का ताल के विकास कार्यों को भी मंजूरी दी गई है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुविधा के लिए 500 क्षमता वाले श्रमजीवी हॉस्टल के निर्माण को भी राज्य सरकार ने स्वीकृति दे दी है और इसके लिए बजट जारी किया जा चुका है।
आगरा एयरपोर्ट को इंटरनेशनल बनाने की दिशा में काम
सीएम योगी ने आगरा के विकास को लेकर कहा कि आगरा एयरपोर्ट को इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाने की दिशा में तेजी से कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए आगरा में इंटरनेशनल पोटैटो (आलू) सेंटर के लिए जमीन उपलब्ध कराई गई है और यह सफलतापूर्वक काम करना शुरू कर चुका है। इसके अलावा 400 से अधिक औद्योगिक इकाइयों से जुड़ी लंबित फाइलों को भी मंजूरी दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की मंशा के अनुरूप आगरा को भविष्य की फ्यूचर सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है।
पहले योजनाओं में होती थी छीना-झपटी: योगी
विपक्ष पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले गरीबों की योजनाओं में छीना-झपटी होती थी। बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर भी स्थिति खराब थी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा के शासन में ऐसी स्थितियां थीं, लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिना किसी भेदभाव के काम किया जा रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि आगरा की जनता ने 2022 और 2024 में डबल इंजन की सरकार को जो समर्थन दिया, उसी का परिणाम है कि आज आगरा की तस्वीर बदल रही है।
कार्यक्रम में आगरा सांसद और केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, प्रभारी एवं एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य समेत कई अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.