4 साल से छोटे बच्चों के लिए सर्दी-जुकाम की इन दवाओं पर सख्ती, सरकार ने लगाया प्रतिबंध

HIGHLIGHTS
- केंद्र सरकार ने चार साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सर्दी-जुकाम की कुछ दवाओं पर सख्ती की है।
- क्लोरफेनिरामाइन मैलेट और फेनिलेफ्राइन हाइड्रोक्लोराइड वाले सभी फिक्स्ड डोज कॉम्बिनेशन पर प्रतिबंध लगाया गया है।
- इन दवाओं के निर्माण, बिक्री और वितरण पर रोक लागू की गई है।
नई दिल्ली। छोटे बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने एक अहम कदम उठाया है। सरकार ने क्लोरफेनिरामाइन मैलेट और फेनिलेफ्राइन हाइड्रोक्लोराइड के मिश्रण वाली सभी ‘फिक्स्ड डोज कांबिनेशन’ यानी एक साथ कई दवाओं को मिलाकर तैयार की गई दवाओं के निर्माण, बिक्री और वितरण पर कड़े प्रतिबंध लगाए हैं।
विशेषज्ञ समिति और ड्रग्स टेक्निकल एडवाइजरी बोर्ड की सिफारिशों के बाद सर्दी-जुकाम की कुछ दवाओं के निर्माण और बिक्री पर यह रोक लगाई गई है। यह फैसला खास तौर पर चार साल से कम उम्र के बच्चों की सेहत को ध्यान में रखकर लिया गया है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी नई अधिसूचना के मुताबिक, अब इन दोनों रसायनों से तैयार होने वाले सभी उत्पादों पर स्पष्ट चेतावनी लिखना अनिवार्य होगा कि “यह फिक्स्ड डोज कांबिनेशन चार साल से कम उम्र के बच्चों के लिए नहीं है।”
यह चेतावनी दवाओं के लेबल, पैकेज इंसर्ट यानी दवा के साथ मिलने वाली पर्ची और सभी तरह की प्रचार सामग्री पर साफ तौर पर प्रदर्शित करनी होगी। यह फैसला विशेषज्ञ समिति और ड्रग्स टेक्निकल एडवाइजरी बोर्ड की सिफारिशों के आधार पर लिया गया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि चार साल से कम उम्र के बच्चों में इन रासायनिक मिश्रणों का इस्तेमाल जोखिम भरा हो सकता है। वहीं, बच्चों के लिए बाजार में पहले से अधिक सुरक्षित विकल्प उपलब्ध हैं।
इससे पहले सरकार ने इसी साल 15 अप्रैल को एक अधिसूचना जारी कर कुछ चुनिंदा मिश्रणों पर चेतावनी के साथ प्रतिबंध लगाया था। अब नए आदेश के जरिए इन तत्वों वाले सभी फिक्स्ड डोज कांबिनेशन पर यह व्यवस्था लागू कर दी गई है।
यह कार्रवाई ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 की धारा 26ए के तहत जनहित में की गई है। आधिकारिक राजपत्र में इसके प्रकाशन की तारीख से यह पूरे देश में प्रभावी हो गई है।
सरकार की इस पहल का उद्देश्य अभिभावकों को जागरूक करना और यह सुनिश्चित करना है कि बच्चों को किसी भी संभावित स्वास्थ्य जोखिम से सुरक्षित रखा जा सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.