गुजरात में महिला हेड कांस्टेबल ने ASI की हत्या कर शव कार समेत जलाया, तीन साथियों के साथ गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- गुजरात के साबरकांठा जिले में ASI अश्विन तबियाद की हत्या का खुलासा।
- मृतक चिथोडा पुलिस स्टेशन में इंस्पेक्टर के पर्सनल राइटर के पद पर तैनात थे।
- महिला हेड कांस्टेबल अल्फा कलसवा पर हत्या का आरोप।
अहमदाबाद। गुजरात के साबरकांठा जिले के चिथोडा पुलिस स्टेशन में तैनात एक असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। आरोप है कि थाने में ही तैनात एक महिला हेड कांस्टेबल ने प्रेम संबंध खत्म करने के इरादे से ASI की हत्या कर दी। इसके बाद सबूत मिटाने के लिए उसने अपने परिजनों और दोस्तों के साथ मिलकर शव को कार में रखकर पेट्रोल डालकर जला दिया।
अरावली लोकल क्राइम ब्रांच (LCB) ने मामले का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी महिला हेड कांस्टेबल अल्फा कलसवा (37) समेत तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
नदी किनारे जली कार में मिले थे हड्डियों के अवशेष
मृतक की पहचान अरावली जिले के भिलोडा तालुका के जिंझोडी गांव निवासी अश्विन तबियाद के रूप में हुई है। वह चिथोडा पुलिस स्टेशन में इंस्पेक्टर के पर्सनल राइटर के पद पर तैनात थे।
अश्विन 8 नवंबर की रात करीब 10:15 बजे ड्यूटी पर जाने के लिए अपनी मारुति अर्टिगा कार से घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे।
इसके दो दिन बाद, 10 नवंबर को भिलोडा तालुका के पादरा गांव के पास हथमाती नदी के किनारे उनकी जली हुई मारुति अर्टिगा कार बरामद हुई। कार के अंदर जले हुए अवशेष मिले थे। उनके पिता बाबू तबियाद ने आशंका जताई कि ये अवशेष उनके बेटे के हैं।
महिला हेड कांस्टेबल के साथ था प्रेम संबंध
अरावली LCB की विस्तृत जांच में इस हत्याकांड को लेकर चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, अश्विन तबियाद का चिथोडा थाने में ही तैनात महिला सुरक्षा टीम की सदस्य हेड कांस्टेबल अल्फा कलसवा के साथ प्रेम संबंध था।
जांच में पता चला कि अल्फा इस रिश्ते को खत्म करना चाहती थी, जबकि अश्विन उस पर संबंध जारी रखने का दबाव बना रहे थे।
किराए के घर पर बुलाकर की गई हत्या
इसी विवाद के चलते 8 नवंबर की रात अल्फा ने अश्विन को चिथोडा स्थित अपने किराए के मकान पर बुलाया था। अश्विन वहां रातभर रुके। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान अल्फा ने उनकी हत्या कर दी।
बोरे में बंद कर दिनभर घर में रखा शव
अरावली के पुलिस अधीक्षक (SP) मनोहरसिंह जडेजा ने हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए रची गई पूरी साजिश की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वारदात के अगले दिन सुबह अल्फा ने अपने भाई कल्पेश कलसवा को फोन कर बुलाया। कल्पेश अपने चचेरे भाई पंकज के साथ मारुति ईको कार से वहां पहुंचा। इसके बाद तीनों ने शव को बोरे में बंद किया और पूरे दिन घर के अंदर छिपाकर रखा।
बाद में पंकज मृतक की अर्टिगा कार लेकर कनादार गांव के बाहरी इलाके में एक मंदिर के पास स्थित सुनसान जंगल में पहुंचा। वहीं, अल्फा और कल्पेश ईको कार से उसके पीछे गए। अर्टिगा को जंगल में छोड़ने के बाद वे वापस चिथोडा लौट आए।
रात होने पर कल्पेश ने अपने दोस्त मनोज निनामा को बुलाया। इसके बाद चारों आरोपी ईको कार में शव लेकर जंगल में खड़ी अर्टिगा के पास पहुंचे और शव से भरा बोरा कार की बीच वाली सीट के पास रख दिया।
इसके बाद मनोज अर्टिगा कार चलाकर पादरा गांव की तरफ निकला, जबकि अल्फा और कल्पेश ईको कार से उसके पीछे चलते रहे। हथमाती नदी के पास पहुंचने पर आरोपियों ने अर्टिगा पर पेट्रोल छिड़का और उसमें आग लगा दी।
CCTV फुटेज और पेट्रोल पंप से मिले सुराग के आधार पर गिरफ्तारी
मामले की जांच में जुटी पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण, अरावली और साबरकांठा जिलों के अलग-अलग इलाकों से मिले CCTV फुटेज और मुखबिरों की जानकारी के आधार पर कड़ियां जोड़ीं।
जांच के दौरान यह भी पता चला कि कार जलाने से पहले आरोपियों ने विजय नगर के एक पेट्रोल पंप से ईको कार का इस्तेमाल करते हुए कैन में पेट्रोल खरीदा था।
पुख्ता सबूत जुटाने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी अल्फा कलसवा के साथ उसके भाई कल्पेश कलसवा, पंकज और मनोज निनामा को गिरफ्तार कर लिया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.