राहुल गांधी के अमेरिका में दिए बयान पर BJP का पलटवार, गौरव भाटिया बोले- भारत के मीर जाफर हैं

HIGHLIGHTS
- कोलंबिया यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी के बयान पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी।
- भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने राहुल गांधी पर भारत को बदनाम करने का आरोप लगाया।
- भाटिया ने राहुल गांधी को 'भारत का मीर जाफर' बताया।
अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर दिए गए राहुल गांधी के बयान पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर विदेशी धरती से भारत को बदनाम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एक साजिश के तहत अनर्गल बयान, झूठे वक्तव्य और बेबुनियाद बातें करते हैं, जिससे देश का हर नागरिक शर्मसार है।
गौरव भाटिया ने कहा कि अराजकता के प्रतीक, अपरिपक्व और भारत से नफरत करने वाले राहुल गांधी जब भी विदेश जाते हैं तो झूठे बयान देते हैं। उनका मकसद भारत की प्रगति को नुकसान पहुंचाना और देश की मजबूत अंतरराष्ट्रीय छवि को कमजोर करना है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपरिपक्व हैं, यह सभी जानते हैं। लेकिन नेता प्रतिपक्ष के पद पर रहते हुए जब वह विदेशी धरती पर इस तरह के जहरीले बयान देते हैं तो इससे उनकी भारत विरोधी सोच सामने आती है। भाटिया ने उन्हें शातिर व्यक्ति और भारत का मीर जाफर तक बताया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब भी संसद का सत्र आने वाला होता है, राहुल गांधी विदेश दौरे पर क्यों चले जाते हैं? क्या वह अपने विदेशी आकाओं से मार्गदर्शन लेने जाते हैं?
प्रदीप भंडारी ने भी साधा निशाना
इससे पहले भाजपा नेता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर राहुल गांधी को 'भारत विरोधी प्रचार का नेता' बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश जाकर देश की छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं और भारत की प्रगति तथा लोकतंत्र को लेकर नकारात्मक बातें करते हैं।
भंडारी ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है और वैश्विक स्तर पर भारतीय लोकतंत्र का सम्मान किया जाता है।
PM मोदी से की राहुल गांधी के व्यवहार की तुलना
प्रदीप भंडारी ने अपनी पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी विदेश यात्राओं के दौरान हमेशा भारत के राष्ट्रीय हितों और तिरंगे के सम्मान को प्राथमिकता देते हैं। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी के बयान की तुलना प्रधानमंत्री मोदी के व्यवहार से की।
भंडारी ने एक वीडियो भी साझा किया। इसमें उन्होंने दावा किया कि क्वाड जैसे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान जमीन पर गिरे भारतीय झंडे के निशान को देखकर प्रधानमंत्री मोदी ने उसे उठाया और अपनी जेब में रख लिया था।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश जाकर भारत की चुनावी व्यवस्था और लोकतंत्र की आलोचना करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के नेता भारत लौटने के बाद भी विदेशी लोगों के जरिए देश की व्यवस्था पर सवाल उठवाते हैं। भंडारी ने दावा किया कि राहुल गांधी और कांग्रेस को 2029 के आम चुनाव में भी विपक्ष में ही बैठना पड़ेगा।
राहुल गांधी ने कोलंबिया यूनिवर्सिटी में क्या कहा था?
दरअसल, राहुल गांधी इन दिनों दो दिवसीय अमेरिका दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने न्यूयॉर्क स्थित कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और शिक्षकों से बातचीत की थी। इस दौरान उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई।
राहुल गांधी ने कहा था कि भारत एक बड़े आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है। उनके मुताबिक, देश में बेरोजगारी की समस्या गंभीर है और शिक्षा व्यवस्था के सामने भी कई चुनौतियां हैं।
उन्होंने कहा कि मध्यवर्गीय परिवारों से आने वाले देश के कई युवा मौजूदा हालात से निराश हैं। इसकी बड़ी वजह यह है कि उन्हें अपने भविष्य को लेकर संभावनाएं दिखाई नहीं दे रही हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.