कुलगाम में लश्कर आतंकी लतीफ भट ढेर, अमित शाह ने सुरक्षा बलों के साहस को किया सलाम

HIGHLIGHTS
- जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षा बलों ने लश्कर आतंकी लतीफ भट को मार गिराया।
- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ऑपरेशन की सफलता पर सुरक्षा बलों की सराहना की।
- अभियान में जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना, CRPF और खुफिया एजेंसियां शामिल थीं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के आखिरी ज्ञात सक्रिय स्थानीय आतंकवादी लतीफ भट के मारे जाने पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि बुधवार तड़के चलाए गए अभियान में सुरक्षा बलों ने लतीफ भट को मार गिराया। वहीं, उसका आतंकी सहयोगी उमर निसार भी इससे एक दिन पहले कुलगाम में मारा गया था।
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि इस अभियान को जम्मू-कश्मीर पुलिस (JKP), भारतीय सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और खुफिया एजेंसियों के संयुक्त प्रयासों से पूरा किया गया। गृह मंत्री ने कहा कि पूरे ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतरीन तालमेल देखने को मिला। उन्होंने जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, CRPF और खुफिया एजेंसियों के बहादुर जवानों को सलाम करते हुए कहा कि देश उनके साहस को नमन करता है।
क्या बोले भाजपा नेता?
आतंकी लतीफ भट के मारे जाने के बाद भाजपा नेता रविंदर रैना ने कहा, 'हमारे जवानों ने लश्कर-ए-तैयबा के कुख्यात आतंकवादी लतीफ भट को मार गिराकर बड़ी सफलता हासिल की है। उस पर लाखों रुपये का इनाम था। सुरक्षा बलों ने उसे आत्मसमर्पण करने के कई मौके दिए। इसके लिए उसके परिवार वालों को भी बुलाया गया, लेकिन वह मस्जिद के अंदर छिप गया। हमारी सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों ने मस्जिद की पूरी मर्यादा बनाए रखी। उसकी दीवार पर एक भी गोली नहीं लगी और उसे तब मार गिराया गया, जब उसने भागने की कोशिश की।'
बता दें कि बुधवार सुबह सुरक्षा बलों ने लतीफ भट को कई बार आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने इनकार कर दिया। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों ने उससे वीडियो कॉल पर भी बात की। अधिकारियों ने उसे सरेंडर करने के लिए समझाया।
सामने आए वीडियो में एक अधिकारी को भट से यह कहते हुए सुना जा सकता है, 'हम तुम्हारे साथ हैं।' हालांकि, उसने आत्मसमर्पण करने से मना कर दिया और कहा, 'मुझे अल्लाह से मुलाकात करनी है। मैं बहुत खुश हूं।'
इसके बाद सुरक्षा बलों की कार्रवाई में लतीफ भट मारा गया। ऑपरेशन के दौरान मस्जिद को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
बता दें कि लतीफ का साथी उमर निसार डार इससे पहले सोमवार को कुलगाम में हुई मुठभेड़ में मारा गया था। निसार और लतीफ 11 नवंबर को CRPF की एक चौकी पर हुए हमले में शामिल थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.