पाकिस्तानी मंत्री के स्वागत पर विवाद, भारत ने दावे को बताया गलत, एयरपोर्ट पर मौजूद थे अधिकारी

HIGHLIGHTS
- पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मसूद मलिक SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में शामिल होने दिल्ली पहुंचे।
- पाकिस्तानी विश्लेषक खुर्रम अब्बास ने भारतीय अधिकारियों के स्वागत के लिए मौजूद नहीं होने का दावा किया।
- ANI ने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से इस दावे का खंडन किया।
नई दिल्ली। पाकिस्तान के एक थिंक टैंक से जुड़े विश्लेषक ने दावा किया कि नई दिल्ली पहुंचने पर पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मसूद मलिक की अगवानी के लिए भारत की ओर से कोई अधिकारी मौजूद नहीं था। हालांकि, न्यूज एजेंसी एएनआई ने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से इस दावे को गलत बताया है।
खुर्रम अब्बास ने आरोप लगाया था कि भारत ने मलिक का निर्धारित आधिकारिक प्रोटोकॉल के मुताबिक स्वागत नहीं किया। मलिक गुरुवार को पहले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में शामिल होने के लिए राजधानी पहुंचे थे।
'स्वागत के लिए भारत ने नहीं भेजा कोई अधिकारी'
खुर्रम अब्बास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए आरोप लगाया, "एससीओ बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री मुसादिक मलिक के स्वागत के लिए भारत ने किसी अधिकारी को नहीं भेजा, जो कि शिष्टाचार के खिलाफ है। उनका स्वागत पाकिस्तानी CdA (चार्ज डी अफेयर्स) ने किया। 2023 और मई 2025 के टकराव के बाद से भारत आने वाले वे पहले पाकिस्तानी मंत्री हैं।"
दूसरी ओर, एएनआई ने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से बताया कि तय प्रोटोकॉल के अनुसार मलिक की अगवानी के लिए केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के एक निदेशक और विदेश मंत्रालय (MEA) के पाकिस्तान, अफगानिस्तान और ईरान (PAI) प्रभाग के एक अवर सचिव हवाई अड्डे पर मौजूद थे।
सूत्रों ने यह भी बताया कि नई दिल्ली पहुंचने वाले सभी एससीओ सदस्य देशों के प्रतिनिधियों के लिए इसी तरह की स्वागत व्यवस्था लागू की जा रही है।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार भारत पहुंचे पाकिस्तानी मंत्री
मुसादिक मलिक की भारत यात्रा को कई मायनों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पिछले तीन वर्षों में भारत आने वाले वह पहले पाकिस्तानी मंत्री हैं। इसके अलावा, मई 2025 में दोनों परमाणु संपन्न देशों के बीच हुए सैन्य टकराव के बाद किसी पाकिस्तानी मंत्री का यह पहला भारत दौरा है।
यह सैन्य टकराव पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सामने आया था। इस हमले में पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों ने जम्मू-कश्मीर में 26 लोगों की हत्या कर दी थी।
इससे पहले वर्ष 2023 में पाकिस्तान के तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी भारत आए थे। किसी पाकिस्तानी राजनीतिक नेता की यह पिछली बड़ी यात्रा थी।
किस उद्देश्य से भारत आए हैं मुसादिक मलिक?
मुसादिक मलिक 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली में आयोजित पहले एससीओ सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम के सत्रों में भाग लेने पहुंचे हैं। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इस कार्यक्रम में मलिक इस्लामाबाद का प्रतिनिधित्व करेंगे। वह सभ्यताओं के बीच संवाद के महत्व और कूटनीति में इसकी भूमिका को लेकर पाकिस्तान का पक्ष रखेंगे।
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि मलिक अपने संबोधन के दौरान एससीओ में पाकिस्तान की रचनात्मक भागीदारी और देश की विविध सभ्यतागत एवं सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करेंगे।
बयान में कहा गया, "इस मंच में पाकिस्तान की भागीदारी शंघाई स्पिरिट के अनुरूप बातचीत, सहयोग और आपसी समझ को बढ़ावा देने में एक सक्रिय देश के रूप में उसके योगदान को दर्शाती है।"
वहीं, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल पहले ही स्पष्ट कर चुके थे कि एससीओ के सदस्य देशों समेत कई अन्य देशों को इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा था कि नई दिल्ली इस संवाद की मेजबानी करने को लेकर उत्सुक है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.