'न नौकरी बढ़ी, न सैलरी', राहुल गांधी का पीएम मोदी पर तंज, बोले- ये आपका कबूलनामा

HIGHLIGHTS
- राहुल गांधी ने रोजगार और सैलरी के मुद्दे पर पीएम मोदी को घेरा।
- FICCI कार्यक्रम में पीएम मोदी ने उद्योगपतियों से रोजगार और वेतन को लेकर सवाल किए थे।
- राहुल गांधी ने टैक्स राहत और एकाधिकार को लेकर सवाल उठाए।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा फिक्की के कार्यक्रम में उद्योगपतियों से रोजगार और कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाने को लेकर सवाल पूछे जाने पर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पलटवार किया है। शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि टैक्स में छूट मिलने के बावजूद उद्योगपतियों द्वारा कर्मचारियों की तनख्वाह और नौकरियों की संख्या नहीं बढ़ाना उद्योगपतियों पर आरोप नहीं, बल्कि सरकार का अपना कबूलनामा है।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर क्या-क्या आरोप लगाए?
राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, 'मोदी जी, ये उन पर आरोप नहीं, आपका कबूलनामा है।' उन्होंने प्रधानमंत्री के 'भूख इतनी है कि पेट भरता ही नहीं' वाले बयान पर भी कटाक्ष किया। कांग्रेस नेता ने कहा कि यह भूख किसकी है, यह पूरा देश जानता है।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि एयरपोर्ट, बंदरगाह, खदानें, जंगल, बिजली, कोयला और सड़कें कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों को सौंप दी गईं। उन्होंने सवाल उठाया कि इन क्षेत्रों को देने के बाद कितने रोजगार पैदा हुए, इसका जवाब मिलना चाहिए।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि रोजगार उपलब्ध कराने वाले छोटे व्यापारी और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (MSME) नोटबंदी और गलत तरीके से लागू किए गए जीएसटी के चलते प्रभावित हुए हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों ने बड़ी कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा को कमजोर कर दिया है।
राहुल गांधी के मुताबिक, एकाधिकार से रोजगार के अवसर नहीं बढ़ते, बल्कि महंगाई बढ़ती है और प्रतिस्पर्धा खत्म होती है। उन्होंने प्रधानमंत्री के उद्योगपतियों से कहे गए 'आप करो, हम देख लेंगे' वाले बयान पर भी निशाना साधा।
'बचे-खुचे समर्थकों से ही तालियां और थालियां बजवा लें'
राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री की नीतियों से उद्योगपति, छोटे कारोबारी, महंगाई से परेशान गरीब और मध्यम वर्ग के लोग तथा बेरोजगार युवा निराश हैं।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब कार्यक्रम में तालियां नहीं बजीं तो प्रधानमंत्री नाराज हो गए, जबकि उनकी नीतियों ने लोगों को तालियां बजाने लायक ही नहीं छोड़ा। राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट के अंत में कहा कि प्रधानमंत्री अब अपने बचे-खुचे समर्थकों से ही तालियां और थालियां बजवा लें।
प्रधानमंत्री मोदी ने फिक्की के कार्यक्रम में क्या कहा था?
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19 नवंबर को दिल्ली में आयोजित फिक्की के शताब्दी समारोह को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने बताया था कि वर्ष 2014 में कॉरपोरेट टैक्स की दर 30 फीसदी थी, जिसे सरकार ने घटाकर 22 फीसदी कर दिया है। इसके अलावा, 12 लाख रुपये तक की सालाना आय को आयकर से छूट दी गई है।
प्रधानमंत्री ने उद्योगपतियों से सवाल किया था कि सरकार की ओर से टैक्स में राहत और अन्य सुविधाएं दिए जाने के बावजूद कंपनियों ने अपने कर्मचारियों की सैलरी और कर्मचारियों की संख्या में बढ़ोतरी की या नहीं।
पीएम मोदी ने कहा था कि सरकार की ओर से सुविधाएं मिलने के बाद भी उद्योग जगत की अपेक्षाएं खत्म नहीं होतीं। उन्होंने यह भी कहा था, 'अब आपलोग ताली नहीं बजाएंगे, यह मैं जानता हूं।'
कांग्रेस ने भी आर्थिक नीतियों को लेकर उठाए सवाल
प्रधानमंत्री के इस बयान के बाद कांग्रेस ने सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल खड़े किए हैं। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस ने वर्ष 2024 के न्याय पत्र में वेतन, रोजगार और निजी निवेश में गिरावट जैसे मुद्दों को पहले ही उठाया था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.