DU के दीक्षांत समारोह में पीयूष गोयल का छात्रों को संदेश, बोले- बड़े सपने देखें और जोखिम लेने से न डरें

HIGHLIGHTS
- दिल्ली विश्वविद्यालय का 103वां दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया।
- कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने कार्यक्रम की शुरुआत की।
- केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय का 103वां दीक्षांत समारोह हाल ही में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने किया। इस अवसर पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी शामिल होना था, लेकिन कुछ कारणों के चलते वह कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके।
कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने अपने संबोधन में दिल्ली विश्वविद्यालय की 103 वर्षों की उपलब्धियों और सफर पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहा है।
छात्रों को संबोधित करते हुए कुलपति ने कहा कि अपनी उपलब्धियों पर गर्व करना उचित है, लेकिन इसके लिए दूसरों के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय अपने विद्यार्थियों को एक अच्छा इंसान बनते देखना चाहता है। साथ ही छात्रों से देश के खिलाफ कोई भी काम नहीं करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि पीयूष गोयल ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने 1 लाख 70 हजार से अधिक डिजिटल डिग्रियां जारी कीं। इसे विश्वविद्यालय के डिजिटलीकरण की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। अब विद्यार्थियों को उनकी डिग्रियां डिजिटल प्रारूप में उपलब्ध होंगी।
पीयूष गोयल ने छात्रों को दिया सफलता का मंत्र
दिल्ली विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में छात्रों को संबोधित करते हुए पीयूष गोयल ने युवाओं से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और ऊंचे सपने देखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जीवन में असफलता से डरना नहीं चाहिए और न ही जोखिम उठाने से पीछे हटना चाहिए।
गोयल ने सकारात्मक सोच को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यही सोच देश को आगे बढ़ाने में मदद करेगी। उन्होंने कहा कि नकारात्मकता के साथ किसी भी लक्ष्य को हासिल नहीं किया जा सकता।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.