BJP सांसद सतनाम सिंह संधू को ED का समन, 25 नवंबर को पूछताछ के लिए बुलाया

HIGHLIGHTS
- ED ने भाजपा के राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू को पूछताछ के लिए समन भेजा।
- संधू को 25 नवंबर को जांच एजेंसी के सामने पेश होने के लिए बुलाया गया है।
- मामला पंजाब की व्यूनो कंपनी से जुड़े करोड़ों रुपये के क्लाउड पार्टिकल घोटाले का है।
नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू को पूछताछ के लिए समन जारी किया है। यह मामला पंजाब की एक कंपनी से संबंधित है, जिस पर निवेशकों के साथ करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है।
57 वर्षीय सतनाम सिंह संधू मोहाली स्थित निजी संस्थान चंडीगढ़ विश्वविद्यालय के कुलाधिपति (चांसलर) भी हैं।
पहले समन पर ईडी के सामने पेश क्यों नहीं हुए संधू?
अधिकारियों के अनुसार, ईडी ने संधू को पहली बार 12 नवंबर को पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन वह निर्धारित तारीख पर जांच एजेंसी के सामने उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद अब उन्हें 25 नवंबर को पेश होने के लिए नया समन भेजा गया है। इस मामले पर संधू की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
किस कंपनी पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का आरोप?
अधिकारियों ने बताया कि ईडी की जांच व्यूनो नामक कंपनी से जुड़ी हुई है। कंपनी पर करोड़ों रुपये के 'क्लाउड पार्टिकल घोटाले' में शामिल होने का आरोप है। इस घोटाले के जरिए लोगों की मेहनत की कमाई हड़पने का आरोप लगाया गया है।
ईडी के मुताबिक, संधू से जुड़ी कुछ संस्थाओं को व्यूनो ग्रुप की कंपनियों से धनराशि प्राप्त हुई थी।
संधू से किन लेन-देन को लेकर पूछताछ करना चाहती है ईडी?
अधिकारियों के मुताबिक, ईडी संधू को इन वित्तीय लेन-देन के संबंध में जानकारी हासिल करने के लिए बुला रही है। जांच एजेंसी यह समझना चाहती है कि संबंधित लेन-देन किस प्रकार किए गए और इनके पीछे क्या उद्देश्य था। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में संधू की कोई 'सीधी भूमिका' नहीं है।
मामले में अब तक कितने लोगों की गिरफ्तारी हुई?
इस मामले में ईडी अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार किए गए लोगों में व्यूनो ग्रुप के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सुखविंदर सिंह खरोर शामिल हैं। उनकी पत्नी डिंपल खरोर को भी एजेंसी ने गिरफ्तार किया है।
2024 से मामले की जांच कर रही है ईडी
प्रवर्तन निदेशालय वर्ष 2024 से इस मामले की जांच में जुटा है। यह जांच धनशोधन रोकथाम कानून (पीएमएलए) और विदेशी मुद्रा प्रबंधन कानून (फेमा) के प्रावधानों के तहत की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.