दिल्ली-वाराणसी के बीच चलेगी देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत, दिवाली तक शुरू होने की तैयारी

HIGHLIGHTS
- ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे और 823 यात्री सफर कर सकेंगे।
- वाराणसी से ट्रेन रात 9:20 बजे रवाना होने का प्रस्ताव है।
- प्रयागराज के बाद ट्रेन कानपुर सेंट्रल से होकर नई दिल्ली पहुंचेगी।
प्रयागराज। हावड़ा-कामाख्या रूट के बाद भारतीय रेलवे अब देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस को दिल्ली और वाराणसी के बीच चलाने की तैयारी कर रहा है।
प्रयागराज और कानपुर के रास्ते चलने वाली यह सेमी-हाई-स्पीड रात्रिकालीन ट्रेन यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक सफर का विकल्प देगी। रेलवे प्रशासन का लक्ष्य इसे आगामी दिवाली तक शुरू करने का है। इसके लिए बहुप्रतीक्षित ट्रायल इसी महीने शुरू होने की संभावना है।
प्रस्तावित समय-सारणी के अनुसार ट्रेन रात 9:20 बजे वाराणसी कैंट से रवाना होगी और रात 10:45 बजे प्रयागराज पहुंचेगी। इसके बाद यह देर रात 12:35 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी और फिर सुबह ठीक पांच बजे नई दिल्ली पहुंच जाएगी।
823 यात्री एक साथ कर सकेंगे सफर
वापसी यात्रा में भी ट्रेन नई दिल्ली से रात 9:20 बजे रवाना होगी और सुबह पांच बजे वाराणसी पहुंचेगी। ट्रैक की स्थिति और मिशन रफ्तार परियोजना के अनुसार ट्रेन की गति 130 से 160 किलोमीटर प्रति घंटा के बीच रखी जाएगी। इससे यात्रा के समय में काफी बचत होने की उम्मीद है।
16 कोच वाली इस हाईटेक ट्रेन में एक साथ 823 यात्री सफर कर सकेंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए इसमें थर्ड एसी के 11, सेकेंड एसी के चार और फर्स्ट एसी का एक कोच शामिल होगा। ट्रेन के प्राथमिक रखरखाव की जिम्मेदारी उत्तर रेलवे के पास रहेगी।
क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (जेडआरयूसीसी) एनसीआर के सदस्य एवं सांसद प्रवीण पटेल ने कहा कि स्वदेशी तकनीक से तैयार इस स्लीपर ट्रेन के शुरू होने से प्रयागराज और वाराणसी से दिल्ली की दूरी कम होगी और यात्रियों का सफर आसान होगा।
फिलहाल रेलवे बोर्ड की ओर से ट्रेन नंबर, टिकट किराये और नियमित संचालन की तारीख को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.