देहरादून: नंदा की चौकी पुल की एप्रोच रोड धंसने पर बड़ा एक्शन, तीन इंजीनियर सस्पेंड

HIGHLIGHTS
- अधिकारियों पर तकनीकी निगरानी और गुणवत्ता नियंत्रण में लापरवाही का आरोप है।
- जांच में नदी के बहाव को नियंत्रित करने की व्यवस्था नहीं किए जाने की बात सामने आई।
- पुल को सुरक्षित रखने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
देहरादून में नंदा की चौकी स्थित पुल की एप्रोच रोड धंसने के मामले में शासन ने कार्रवाई की है। प्रथमदृष्टया लापरवाही और पर्यवेक्षण में शिथिलता पाए जाने के बाद प्रांतीय खंड देहरादून के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता को निलंबित कर दिया गया है।
इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) विभागाध्यक्ष को डिजाइन कंसलटेंट के खिलाफ भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
28 जुलाई को धंसी थी एप्रोच रोड
28 जुलाई को नंदा की चौकी के पास टोंस नदी पर बने पुल की एप्रोच रोड धंस गई थी। इसके बाद लोनिवि की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठे थे।
इस मामले में मुख्य अभियंता ने तीन अगस्त को जांच रिपोर्ट शासन को सौंपी थी। रिपोर्ट के आधार पर शासन ने अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, सहायक अभियंता अमित त्यागी और कनिष्ठ अभियंता नवीन गैरोला को निलंबित कर दिया।
अधिकारियों पर तकनीकी निगरानी में लापरवाही का आरोप
आदेश में तीनों अधिकारियों को दीर्घ शास्ति प्रदान करने का उल्लेख किया गया है। लोनिवि सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि अधिकारियों ने तकनीकी निगरानी, गुणवत्ता नियंत्रण, अनुबंधीय शर्तों के पालन और अपने दायित्वों का सही तरीके से निर्वहन नहीं किया।
सचिव ने लोनिवि विभागाध्यक्ष को डिजाइन कंसलटेंट के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पुल को भविष्य में सुरक्षित रखने के लिए जांच में दिए गए सुझावों के अनुसार समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर काम करने को कहा गया है।
नदी का बहाव नहीं मोड़ा गया
जांच रिपोर्ट में बताया गया है कि नदी के बहाव को मोड़ने और रिवर ट्रेनिंग वर्क की व्यवस्था की जानी थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।
रिपोर्ट के अनुसार, इसके कारण नदी का बहाव एक ओर हो गया, जिससे कटाव हुआ और पुल की एप्रोच रोड धंस गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.