दिल्ली आश्रम कांड: 17 छात्राओं ने बाबा पर लगाया यौन शोषण का आरोप, फरार

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के वसंत कुंज स्थित एक नामी आश्रम से बड़ा मामला सामने आया है। यहां मैनेजमेंट कोर्स की पढ़ाई कर रही कई छात्राओं ने आश्रम संचालक स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती उर्फ पार्थ सारथी पर यौन शोषण और अश्लील हरकतों के गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप लगते ही संचालक फरार हो गया, जबकि पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है।
शिकायत श्री शृंगेरी मठ और उसकी संपत्तियों के प्रशासक पी.ए. मुरली ने दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने बीएनएस की कई धाराओं में केस दर्ज किया। अब तक 32 छात्राओं के बयान लिए गए हैं, जिनमें 17 ने साफ कहा कि आरोपी स्वामी ने उन्हें अश्लील मैसेज भेजे, आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया और जबरन शारीरिक संपर्क बनाने की कोशिश की। कुछ फैकल्टी और वॉर्डन पर भी आरोप है कि वे पीड़ित छात्राओं को आरोपी से मिलवाते थे और दबाव बनाते थे।
जांच में पता चला कि चैतन्यानंद अपनी कार पर फर्जी "UN" नंबर प्लेट लगाकर घूमता था। पुलिस ने कार जब्त कर ली है और आरोपी की तलाश में कई जगह छापेमारी की जा रही है।
दक्षिणामन्या श्री शारदा पीठम्, शृंगेरी आश्रम ने स्पष्ट किया है कि चैतन्यानंद की गतिविधियां अवैध थीं और संस्था से उसका कोई संबंध नहीं है। पीठ ने आश्वासन दिया है कि छात्रों की पढ़ाई और भविष्य पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
फिलहाल पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, हार्ड डिस्क और अन्य सबूत कब्जे में लिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर न्याय दिलाने की कोशिश की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.