दिल्ली: झुग्गी बस्तियों को सीएम की सौगात...गणतंत्र दिवस पर 327 करोड़ की योजनाओं को मंजूरी

गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मुख्यमंत्री जनसेवा सदन में पूरे शहर की झुग्गी बस्तियों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया। इस मौके पर उन्होंने इन बस्तियों में रहने वाले लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। लगभग 327 करोड़ रुपये की योजनाओं को मंजूरी दी गई, जिनमें से 144 करोड़ रुपये के कार्यों के लिए अवार्ड भी जारी किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने झुग्गी बस्तियों के प्रतिनिधियों के साथ लंच करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार इन बस्तियों में रहने वाले लोगों की जीवन गुणवत्ता सुधारने के लिए पूरी ईमानदारी और निष्ठा से काम कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछली सरकारें झुग्गीवासियों को केवल वोट बैंक की तरह देखती थीं और उनके मन में डर बनाए रखती थीं, जबकि वर्तमान सरकार उन्हें सम्मान और बेहतर सुविधाएं देने पर जोर दे रही है।
इस कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष सूद, दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड के सीईओ रूपेश ठाकुर सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद थे। खासतौर पर झुग्गी बस्तियों की कई महिला प्रतिनिधियों की उपस्थिति ने इस आयोजन की विशेषता बढ़ाई।
मंजूर की गई योजनाओं में जनसुविधा कॉम्प्लेक्स का निर्माण और झुग्गी बस्तियों की गलियों के लिए पक्की सड़कों का निर्माण शामिल है। मुख्यमंत्री ने झुग्गीवासियों से उनकी समस्याओं और जरूरतों पर विस्तार से चर्चा की और भरोसा दिलाया कि सरकार इन बस्तियों में बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सामाजिक कल्याण के कामों को तेज गति से आगे बढ़ा रही है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि दिल्ली के विकास में झुग्गी बस्तियों में रहने वाले श्रमिकों का महत्वपूर्ण योगदान है। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने जानकारी दी कि दिल्ली सरकार ने झुग्गी विकास के लिए 700 करोड़ रुपये का विशेष बजट आवंटित किया है।
उन्होंने बताया कि सरकार ने नालियों, सड़कों, शौचालयों, पार्कों और बस्ती विकास केंद्रों जैसे आवश्यक कार्यों की योजना तैयार की है, ताकि झुग्गीवासियों को बेहतर और सम्मानजनक जीवन मिल सके। इन परियोजनाओं का शुभारंभ झुग्गीवासियों के साथ भोजन करने और उनके हाथों से किया जाना मुख्यमंत्री के लिए विशेष रूप से प्रेरणादायक रहा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि झुग्गी बस्तियों के कल्याण के लिए नई पहलें शुरू की गई हैं, जिनमें अटल कैंटीन, आयुष्मान आरोग्य केंद्र और स्वास्थ्य एवं पोषण सुविधाएं शामिल हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि दिल्ली में अब भाजपा की डबल इंजन सरकार काम कर रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्र “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के अनुसार, सरकार पूरी तरह संकल्पबद्ध है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.