आकाशवाणी भवन में धरना देने पर राहुल गांधी-प्रियंका गांधी समेत कई सांसदों पर FIR

HIGHLIGHTS
- इंडिया गठबंधन के नेताओं ने संसद भवन से चुनाव आयोग तक मार्च की योजना बनाई थी।
- पुलिस के मुताबिक, मार्च के लिए आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई थी।
- चुनाव आयोग कार्यालय के पास बैरिकेड्स लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोका गया।
नई दिल्ली। चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान आकाशवाणी भवन परिसर में बिना अनुमति प्रवेश कर धरना देने के मामले में दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने बुधवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और विपक्षी गठबंधन के कई अन्य सांसदों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।
बिना अनुमति मार्च निकालने का आरोप
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इंडिया गठबंधन के नेताओं ने मंगलवार को संसद भवन से निर्वाचन सदन यानी चुनाव आयोग के मुख्यालय तक विरोध मार्च निकालने की योजना बनाई थी। पुलिस का कहना है कि इस मार्च और प्रदर्शन के लिए न तो आधिकारिक अनुमति ली गई थी और न ही अनुमति प्रदान की गई थी।
जब प्रदर्शनकारियों को चुनाव आयोग के कार्यालय के पास बैरिकेड्स लगाकर रोका गया, तो कई नेता और सांसद सड़क पर ही धरने पर बैठ गए।
आकाशवाणी भवन परिसर में दाखिल हुए नेता
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों को रोके जाने के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी अन्य विपक्षी सांसदों तथा सुरक्षाकर्मियों के साथ संसद मार्ग स्थित आकाशवाणी भवन परिसर में बिना पूर्व अनुमति के दाखिल हुए। आरोप है कि आकाशवाणी भवन के अंदर पहुंचने के बाद नेताओं ने परिसर में ही धरना शुरू कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, यह धरना करीब आठ घंटे से अधिक समय तक चला।
देर रात हिरासत के बाद रिहाई
आकाशवाणी भवन परिसर में लंबे समय तक चले धरने के बाद दिल्ली पुलिस ने परिसर खाली कराने के लिए कार्रवाई की। इस दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, के.सी. वेणुगोपाल समेत अन्य नेताओं को हिरासत में लिया गया।
हिरासत में लिए गए नेताओं को किंग्सवे कैंप स्थित न्यू पुलिस लाइंस ले जाया गया। इसके बाद देर रात 10 बजे के बाद पुलिस ने सभी नेताओं को रिहा कर दिया।
अनधिकृत प्रवेश और कानून व्यवस्था का मामला
दिल्ली पुलिस का कहना है कि संवेदनशील और प्रतिबंधित सरकारी इमारत के परिसर में बिना अनुमति दाखिल होकर प्रदर्शन करना नियमों का उल्लंघन है। इसी आधार पर कानून व्यवस्था के उल्लंघन और अनधिकृत प्रवेश के संबंध में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.