रामलीला से छठ पूजा तक तैयारियों पर नजर रखेगी दिल्ली सरकार, तीन समितियों का गठन

HIGHLIGHTS
- दिल्ली सरकार ने तीन अलग-अलग विशेष समितियों का गठन किया है।
- समितियां आयोजन स्थलों की समीक्षा कर उन्हें अंतिम रूप देंगी।
- संबंधित जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय से सिंगल विंडो सिस्टम के तहत एनओसी दिलाई जाएगी।
नई दिल्ली। दिल्ली में आने वाले दिनों में आयोजित होने वाले रामलीला, दुर्गा पूजा और छठ पूजा को श्रद्धा, भक्ति और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए दिल्ली सरकार ने तीन अलग-अलग विशेष समितियों का गठन किया है। इन समितियों को संबंधित पर्वों के आयोजन स्थलों की समीक्षा कर उन्हें अंतिम रूप देने के साथ-साथ वहां नागरिक सुविधाओं, सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, बिजली, चिकित्सा और अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी व समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि दिल्ली सरकार का प्रयास है कि इन प्रमुख धार्मिक पर्वों के दौरान श्रद्धालुओं और आयोजन समितियों को किसी तरह की परेशानी न हो। सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने पर सरकार का जोर है।
रामलीला समिति की जिम्मेदारी रविंद्र इंद्राज को
दिल्ली में होने वाली रामलीलाओं के लिए स्थानों और तैयारियों की समीक्षा तथा उन्हें अंतिम रूप देने के लिए गठित समिति की अध्यक्षता समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण, सहकारिता एवं निर्वाचन मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह करेंगे।
समिति में विधायक अशोक गोयल, विधायक अनिल कुमार शर्मा, विधायक श्याम शर्मा, विधायक संजय गोयल और विधायक संदीप सहरावत को सदस्य बनाया गया है। सचिव, राजस्व-सह-मंडलायुक्त (डिविजनल कमिश्नर) को सदस्य सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
समिति का मुख्य दायित्व संबंधित जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय के माध्यम से सिंगल विंडो सिस्टम के तहत जरूरी एनओसी जारी करवाना होगा। इसके साथ ही रामलीला स्थलों पर पेयजल, चिकित्सा सहायता, एंबुलेंस, अग्निशमन सेवा, सुरक्षा, मोबाइल शौचालय, यातायात प्रबंधन, सफाई और फॉगिंग जैसी व्यवस्थाएं पर्याप्त रूप से सुनिश्चित करना भी समिति के कार्यक्षेत्र में होगा।
आयोजन स्थलों पर बिजली कनेक्शन और निर्बाध बिजली आपूर्ति की व्यवस्था भी समिति सुनिश्चित करेगी। इसके अलावा रामलीला आयोजनों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, वोकल फॉर लोकल, स्वच्छता, जल संरक्षण, स्वदेशी, नशा मुक्त भारत अभियान और सार्वजनिक महत्व के अन्य विषयों से जुड़े संदेशों को बढ़ावा देने का काम भी किया जाएगा। जरूरत के अनुसार समिति किसी अन्य विषय या मुद्दे को भी अपने कार्यक्षेत्र में शामिल कर सकती है।
दुर्गा पूजा समिति की कमान कपिल मिश्रा को
दुर्गा पूजा के आयोजन स्थलों और तैयारियों की समीक्षा कर उन्हें अंतिम रूप देने के लिए गठित समिति की अध्यक्षता कानून एवं न्याय, श्रम, रोजगार, विकास, कला एवं संस्कृति भाषा तथा पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा करेंगे।
समिति में विधायक शिखा रॉय और नीरज बसोया के साथ सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि भट्टाचार्य, देवदत्त भारद्वाज और अरुण मुखर्जी को सदस्य बनाया गया है। सचिव, राजस्व-सह-मंडलायुक्त (डिविजनल कमिश्नर) समिति के सदस्य सचिव होंगे।
दुर्गा पूजा समिति संबंधित जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय से सिंगल विंडो सिस्टम के तहत एनओसी जारी करवाने के अलावा पूजा स्थलों पर पेयजल, चिकित्सा सहायता, एंबुलेंस सेवा, मोबाइल शौचालय, अग्निशमन सेवा, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, सफाई और फॉगिंग समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगी।
आयोजन स्थल पर बिजली कनेक्शन और निर्बाध बिजली आपूर्ति की व्यवस्था भी समिति के दायरे में होगी। पूजा आयोजनों के जरिए पर्यावरण, वोकल फॉर लोकल, स्वच्छता, जल संरक्षण, स्वदेशी, नशा मुक्त भारत अभियान और सार्वजनिक महत्व के अन्य विषयों पर जागरूकता संदेशों को बढ़ावा दिया जाएगा।
दुर्गा पूजा के दौरान मूर्ति विसर्जन के लिए कृत्रिम, अस्थायी तालाब या टैंक की व्यवस्था करना और विसर्जन के बाद बचे अवशेषों की सफाई सुनिश्चित करना भी समिति की जिम्मेदारी होगी। जरूरत के अनुसार समिति अन्य विषयों या मुद्दों को भी अपने कार्यक्षेत्र में शामिल कर सकती है।
छठ पूजा की तैयारियां भी कपिल मिश्रा संभालेंगे
छठ पूजा के लिए दिल्ली में आयोजन स्थलों और तैयारियों की समीक्षा तथा उन्हें अंतिम रूप देने के लिए गठित समिति की अध्यक्षता भी कानून एवं न्याय, श्रम, रोजगार, विकास, कला एवं संस्कृति भाषा तथा पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा करेंगे।
इस समिति में विधायक अभय कुमार वर्मा, विधायक चंदन कुमार चौधरी, विधायक संदीप सहरावत, विधायक दीपक चौधरी और सामाजिक कार्यकर्ता संतोष ओझा सदस्य होंगे। सचिव, राजस्व-सह-मंडलायुक्त (डिविजनल कमिश्नर) को सदस्य सचिव बनाया गया है।
छठ पूजा समिति संबंधित जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय के माध्यम से सिंगल विंडो सिस्टम के तहत एनओसी जारी करवाएगी। आयोजन स्थलों पर पेयजल, चिकित्सा सहायता, एंबुलेंस सेवा, अग्निशमन सेवा, मोबाइल शौचालय, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, सफाई और फॉगिंग जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना भी इसकी जिम्मेदारी होगी।
घाटों और आयोजन स्थलों पर बिजली कनेक्शन के साथ निर्बाध बिजली आपूर्ति की व्यवस्था भी समिति के कार्यक्षेत्र में होगी। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण, वोकल फॉर लोकल, स्वच्छता, जल संरक्षण, स्वदेशी, नशा मुक्त भारत अभियान और सार्वजनिक महत्व के अन्य विषयों से जुड़े संदेशों को बढ़ावा दिया जाएगा। समिति आवश्यकता के अनुसार अन्य विषय या मुद्दे भी अपने कार्यक्षेत्र में शामिल कर सकती है।
आस्था के पर्वों पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलें: सीएम रेखा गुप्ता
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि रामलीला, दुर्गा पूजा और छठ पूजा सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं हैं, बल्कि ये दिल्ली की सामाजिक और सांस्कृतिक विविधता को जोड़ने वाले आस्था के महत्वपूर्ण पर्व हैं। इन पर्वों से लाखों लोगों की श्रद्धा और भावनाएं जुड़ी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि श्रद्धालु पूरी श्रद्धा, भक्ति और आत्मीयता के साथ अपने पर्व मना सकें। आयोजन स्थलों पर उन्हें किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.