दिल्ली-एनसीआर में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित, जलभराव और जाम ने बढ़ाई परेशानी

HIGHLIGHTS
- दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार सुबह से जारी है बारिश
- कई प्रमुख सड़कों और इलाकों में हुआ जलभराव
- राजीव चौक और सफदरजंग में बढ़ा ट्रैफिक दबाव
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार सुबह से लगातार बारिश हो रही है। कई क्षेत्रों में तेज बारिश के कारण भारी जलभराव की स्थिति बन गई है।
बारिश से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन सुबह के समय जलभराव और ट्रैफिक जाम ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। सबसे ज्यादा दिक्कत नौकरीपेशा लोगों को हुई। वहीं, हरियाणा के कुछ इलाकों में स्कूल जाने वाले बच्चों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
दिल्ली में तेज बारिश के चलते राजीव चौक पर जलभराव के कारण ट्रैफिक दबाव बढ़ गया और जाम की स्थिति बन गई। सफदरजंग इलाके में भी वाहनों की लंबी कतारें नजर आईं। जाम को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। जगह-जगह पुलिस की तैनाती की गई है।
गुरुग्राम में जलभराव से फंसे वाहन
गुरुग्राम में गुरुवार सुबह से तेज बारिश हो रही है, जिसके चलते कई सड़कों पर पानी भर गया। जलभराव के कारण कई वाहन फंस गए और बंद हो गए। पुलिस ने क्रेन की मदद से इन वाहनों को हटाया।
बारिश के कारण दिल्ली के सफदरजंग इलाके में भी जाम की स्थिति बनी रही, जहां सड़कों पर वाहन धीरे-धीरे चलते दिखाई दिए। वहीं, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर भी ट्रैफिक प्रभावित हुआ।
दिल्ली के कई इलाकों में पानी भरा
दिल्ली के सैनिक फार्म इलाके में भारी जलभराव देखा गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। गीता कॉलोनी में भी पानी भरने से लोगों को परेशानी हुई। इसके अलावा रोहतक रोड पर भी जलभराव के कारण यातायात प्रभावित रहा।
गुरुग्राम की स्मार्ट रोड पर भी जलभराव
गुरुग्राम में सिटी-1 की सड़क पर भारी जलभराव हो गया। इस स्मार्ट रोड को कुछ समय पहले ही तैयार किया गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब शहर की स्मार्ट रोड का यह हाल है तो अन्य सड़कों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
गुरुग्राम में दो दिन वर्क फ्रॉम होम की सलाह
गुरुग्राम में गुरुवार को अब तक करीब 100 एमएम 97 बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने 6 और 7 अगस्त को कॉर्पोरेट कर्मचारियों के लिए वर्क फ्रॉम होम की सलाह दी है।
फरीदाबाद में भी जलभराव से परेशानी
फरीदाबाद में गुरुवार सुबह से हो रही बारिश के कारण नेशनल हाईवे सहित कई जगहों पर जलभराव हो गया। इसके चलते स्कूली बच्चों और नौकरीपेशा लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई।
एनआईटी इलाके की सड़कों पर कई वाहन पानी में फंस गए। लोग अपने वाहनों को पैदल धक्का देकर निकालते नजर आए। वहीं, शहर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस को ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए काफी प्रयास करने पड़े।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.