लखनऊ में वोटर कार्ड से जुड़ी समस्याओं के लिए हेल्पलाइन सेंटर शुरू, 1950 पर करें कॉल

HIGHLIGHTS
- लखनऊ जिला निर्वाचन कार्यालय में डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर स्थापित किया गया।
- मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 और 0522-1950 पर संपर्क कर सकते हैं।
- सेंटर सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक संचालित होगा।
लखनऊ। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, वोटर कार्ड में किसी तरह का संशोधन कराने या डुप्लीकेट मतदाता पहचान पत्र बनवाने के लिए अब लोगों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत जिला निर्वाचन कार्यालय में डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर बनाया गया है।
इस सेंटर के माध्यम से मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर कॉल कर चुनाव से जुड़ी जानकारी हासिल कर सकते हैं और अपनी समस्याओं के समाधान में सहायता ले सकते हैं। सेंटर सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक संचालित किया जा रहा है।
जिला निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक, मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 के अलावा 0522-1950 पर भी संपर्क कर सकते हैं। यह सेंटर जिला निर्वाचन कार्यालय में कांशीरामजी ग्रीन ईको गार्डन के पास गीतापल्ली में स्थापित किया गया है। हेल्पलाइन के जरिए मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया, पात्रता और विधानसभा क्षेत्र के अनुसार चिन्हित वोटर रजिस्ट्रेशन सेंटर की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे।
वोटर कार्ड में संशोधन की प्रक्रिया भी बताई जाएगी
हेल्पलाइन सेंटर से बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के नाम तथा उनके फोन नंबर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
इसके अलावा मतदाता पहचान पत्र में नाम, लिंग, जन्मतिथि, संबंधी का नाम, पता, मोबाइल नंबर और फोटो में बदलाव कराने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी जाएगी। संशोधन के लिए जरूरी दस्तावेजों के बारे में भी सेंटर से जानकारी मिल सकेगी।
यदि किसी मतदाता का पहचान पत्र खो गया है या खराब हो गया है, तो वह डुप्लीकेट कार्ड बनवाने की प्रक्रिया भी जान सकता है। इसके साथ ही ई-एपिक डाउनलोड करने, रंगीन मतदाता पहचान पत्र बनवाने, मतदाता सूची से नाम हटवाने और वोटर कार्ड को आधार से लिंक कराने की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
ऑनलाइन आवेदन का स्टेटस भी जान सकेंगे मतदाता
ऑनलाइन आवेदन करने वाले मतदाताओं को अपने आवेदन की मौजूदा स्थिति जानने की सुविधा भी मिलेगी। यदि किसी आवेदन को निरस्त किया गया है, तो उसके बारे में भी जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।
इसके लिए निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in और ईसीआईनेट मोबाइल ऐप के माध्यम से आवेदन करने की प्रक्रिया में भी सहायता दी जाएगी।





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.