पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल को ताजमहल जाने की मिली अनुमति, निजामुद्दीन दरगाह पर लगी रोक

HIGHLIGHTS
- पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल इन दिनों भारत के दौरे पर है।
- प्रतिनिधिमंडल को आगरा स्थित ताजमहल देखने की अनुमति मिल गई है।
- दिल्ली में हुमायूं का मकबरा और दिल्ली हाट जाने की भी मंजूरी दी गई है।
नई दिल्ली। पाकिस्तान का प्रतिनिधिमंडल इन दिनों भारत के दौरे पर है। इस बीच प्रतिनिधिमंडल के आगरा स्थित ताजमहल जाने को मंजूरी मिल गई है। हालांकि, दिल्ली की निजामुद्दीन दरगाह जाने के उनके प्रस्ताव को सुरक्षा कारणों से अनुमति नहीं दी गई है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने शनिवार को इस संबंध में स्थिति स्पष्ट की।
SCO डायलॉग में शामिल होने भारत आया पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल
पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री मुसादिक मसूद मलिक के नेतृत्व में यह प्रतिनिधिमंडल 20 से 22 नवंबर तक आयोजित होने वाले पहले SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में हिस्सा लेने भारत पहुंचा है।
इन जगहों पर जा सकेगा पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल
जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल को आगरा के ताजमहल के अलावा दिल्ली में हुमायूं का मकबरा और दिल्ली हाट जाने की अनुमति दी गई है। वहीं, दिल्ली की प्रसिद्ध हजरत निजामुद्दीन दरगाह जाने के उनके कार्यक्रम को सुरक्षा मंजूरी नहीं मिल सकी है।
इससे पहले पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने भारत यात्रा के दौरान ताजमहल और हुमायूं का मकबरा समेत कई ऐतिहासिक स्थलों का दौरा करने की इच्छा जताई थी। उन्होंने कहा था कि वह भारत को देखना चाहते हैं, यहां के लोगों से मिलना और भारतीय संस्कृति को समझना चाहते हैं। हालांकि, केंद्र सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी थी कि पाकिस्तानी मंत्रियों के लिए कोई सामान्य यात्रा प्रतिबंध लागू नहीं किया गया है।
तीन साल बाद पाकिस्तानी मंत्री का भारत दौरा
शुक्रवार को यह प्रतिनिधिमंडल नई दिल्ली के पुराना किला में आयोजित तीन दिवसीय SCO कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचा। पिछले तीन वर्षों में किसी पाकिस्तानी मंत्री की यह पहली भारत यात्रा है। एयरपोर्ट पर पाकिस्तान उच्चायोग के प्रभारी साद वड़ैच ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया।
क्या है SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार शाम पहले SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम का उद्घाटन किया था। तीन दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सदस्य देशों के बीच साझा सांस्कृतिक विरासत, कला, वास्तुकला, साहित्यिक परंपराओं और लोगों के आपसी संबंधों को मजबूत करना है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.