ट्रंप का बड़ा व्यापारिक दांव, भारत समेत 14 देशों पर 25% तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव

HIGHLIGHTS
- ट्रंप प्रशासन ने भारत समेत 14 देशों पर 25% तक नया टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा।
- चीन पर सबसे अधिक 20% अतिरिक्त शुल्क लगाने की तैयारी है।
- स्टील, इलेक्ट्रिक वाहनों और सौर उत्पादों की कम कीमतों को लेकर चीन पर अमेरिका ने सवाल उठाए हैं।
वाशिंगटन। अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है, लेकिन इसके बावजूद राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के रुख में कोई नरमी नहीं आई है। ट्रंप ने बुधवार को वैश्विक व्यापार को लेकर एक और बड़ा कदम उठाते हुए भारत सहित 14 प्रमुख व्यापारिक साझेदार देशों पर 25 प्रतिशत तक नया टैरिफ लगाने का प्रस्ताव पेश किया है।
अमेरिका के मुताबिक, इस कदम का उद्देश्य दुनियाभर के बाजारों में जरूरत से अधिक औद्योगिक उत्पादन की समस्या पर अंकुश लगाना है। इस प्रस्ताव का सबसे ज्यादा असर चीन पर पड़ने की आशंका है। चीन पर पहले से लागू शुल्क के अतिरिक्त 20 प्रतिशत और टैरिफ लगाने का प्रस्ताव है।
चीन पर सबसे ज्यादा 20 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क
ट्रंप प्रशासन ने चीन पर सबसे अधिक 20 प्रतिशत तक अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा है। अमेरिकी प्रशासन का आरोप है कि चीन स्टील, इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) और सौर उत्पादों को कम कीमत पर बेचकर वैश्विक बाजार को प्रभावित कर रहा है।
प्रशासन के अनुसार, यह नया शुल्क ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान लगाए गए लगभग 25 प्रतिशत टैरिफ के अतिरिक्त होगा। हालांकि, चीन के उन 30 अरब डॉलर के उत्पादों को प्रस्तावित शुल्क से बाहर रखा गया है, जिन पर दोनों देश टैक्स में कटौती को लेकर विचार कर रहे हैं।
भारत समेत इन देशों पर भी लग सकता है टैरिफ
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, चीन के अलावा इस प्रस्तावित टैरिफ सूची में भारत, बांग्लादेश, कंबोडिया, यूरोपीय संघ (EU), इंडोनेशिया, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, सिंगापुर, स्विट्जरलैंड, ताइवान, थाईलैंड और वियतनाम शामिल हैं। वहीं, फिलहाल मेक्सिको और नॉर्वे को नए शुल्क के दायरे से बाहर रखा गया है।
क्या व्यापारिक लागत में होगी बड़ी बढ़ोतरी?
हालांकि, राहत की बात यह है कि प्रस्तावित नए टैरिफ पुराने व्यापारिक समझौतों के तहत निर्धारित सीमा से अधिक नहीं होंगे। उदाहरण के तौर पर यूरोपीय संघ, जापान, दक्षिण कोरिया और ताइवान के लिए टैरिफ की सीमा 15 प्रतिशत, जबकि मलेशिया के लिए 19 प्रतिशत तय रहेगी।
इसके अलावा, जुलाई में 60 देशों पर लगाए गए 10 से 12.5 प्रतिशत तक के शुल्कों के ऊपर नया टैरिफ नहीं लगाया जाएगा। ऐसे में कई देशों के लिए अमेरिका के साथ व्यापार करने की लागत में बहुत ज्यादा बढ़ोतरी होने की संभावना नहीं है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.