दिल्ली-NCR में सुबह-सुबह बारिश से मौसम हुआ सुहावना, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट

HIGHLIGHTS
- मंगलवार की बारिश के बाद दिल्ली में कई जगह जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी थी।
- आया नगर में दोपहर से शाम के बीच सबसे अधिक 49.3 मिमी बारिश दर्ज की गई।
- अगले छह दिनों तक दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में बुधवार सुबह बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। नोएडा, गाजियाबाद समेत एनसीआर के विभिन्न क्षेत्रों में हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया। इससे पहले मंगलवार को राजधानी में हुई तेज मानसूनी बारिश के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिला था और दिन के समय ही अंधेरा छा गया था। हालांकि, कई इलाकों में जलभराव और लंबे ट्रैफिक जाम के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए दिल्ली में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, बुधवार सुबह 10 बजे तक दिल्ली के कई इलाकों और एनसीआर के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई थी।
मौसम विभाग ने दिल्ली के बुराड़ी, मॉडल टाउन, करावल नगर, आजादपुर, दिल्ली यूनिवर्सिटी, सिविल लाइंस, दिलशाद गार्डन, सीमापुरी, कश्मीरी गेट, सीलमपुर, शाहदरा, विवेक विहार, लाल किला और प्रीत विहार सहित कई क्षेत्रों में बारिश का अनुमान जताया। इसके अलावा एनसीआर के लोनी देहात, हिंडन एयरफोर्स स्टेशन, गाजियाबाद, इंदिरापुरम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, फरीदाबाद और बल्लभगढ़ के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश की संभावना बताई गई।
मंगलवार को कई इलाकों में हुई बारिश
आईएमडी के मुताबिक, मंगलवार शाम 5:30 बजे तक सफदरजंग में 9.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच आया नगर में सबसे अधिक 49.3 मिमी वर्षा हुई।
इसके अलावा छतरपुर में 20.5 मिमी, केवीके सीआरपीएफ कैंपस में 20 मिमी और पालम में 8.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं, जनकपुरी में 5.5 मिमी, लोधी रोड पर 1.1 मिमी और मयूर विहार, नारायणा व नजफगढ़ में 0.5 मिमी बारिश दर्ज हुई।
बारिश से तापमान में गिरावट
बारिश के कारण राजधानी के तापमान में भी कमी दर्ज की गई। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, आया नगर में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम है।
अगले छह दिनों तक मौसम रहेगा सुहावना
मौसम विभाग के अनुसार, अगले छह दिनों तक दिल्ली में मौसम सुहावना बना रह सकता है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
पांच और छह अगस्त को राजधानी के अधिकांश इलाकों में बारिश होने का अनुमान है, जबकि सात से दस अगस्त तक भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.