दिल्ली: स्वरूप नगर में किशोरी की हत्या का खुलासा, तीन नाबालिगों समेत चार आरोपी गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- घटनास्थल के आसपास 50 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले गए।
- संदिग्ध टेंपो की आवाजाही से पुलिस को सुराग मिला।
- 15 सितंबर की रात टेंपो खड्डा कॉलोनी में मिला।
बाहरी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में सामूहिक दुष्कर्म के बाद किशोरी की हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में तीन नाबालिग शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो चाकू, वारदात के दौरान पहने गए कपड़े और एक टेंपो बरामद किया है। शुरुआत में मृतका की पहचान महिला के रूप में हुई थी, लेकिन बाद में पहचान होने पर पता चला कि वह नाबालिग थी।
50 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त लोकेश वरन के अनुसार, पुलिस ने घटनास्थल के साथ आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। 50 से अधिक फुटेज खंगालने के दौरान घटना के आसपास एक संदिग्ध टेंपो की आवाजाही दिखाई दी।
पुलिस के मुताबिक, अंधेरा होने के कारण टेंपो का नंबर स्पष्ट नजर नहीं आया। इसके बाद अलग-अलग कैमरों से मिली फुटेज को जोड़कर टेंपो के रूट का पता लगाया गया।
15 सितंबर की रात टेंपो खड्डा कॉलोनी में खड़ा मिला। पुलिस ने चालक की पहचान कर उससे पूछताछ की। इसके बाद तीन नाबालिगों समेत चार आरोपियों को पकड़ लिया गया।
पुलिस का दावा है कि आरोपियों में से एक किशोरी का कथित प्रेमी था। पुलिस के अनुसार, उसने पहले अपने दोस्तों के साथ शराब पी और इसके बाद सभी ने किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों को आशंका थी कि किशोरी घटना की शिकायत कर सकती है। इसी वजह से उन्होंने चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
खुले मैदान में क्षत-विक्षत हालत में मिला था शव
13 सितंबर की सुबह स्वरूप नगर थाना पुलिस को कुशक रोड स्थित लाल बाउंड्री के पास जयपाल राणा के खेत के नजदीक खुले मैदान में एक क्षत-विक्षत शव मिला था। जानवरों द्वारा शव को नोंचे जाने के कारण पुलिस उस समय मृतका की पहचान नहीं कर सकी थी।
क्राइम और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
बाद में मृतका की पहचान महिला के रूप में हुई, लेकिन शव की पहचान होने के बाद यह सामने आया कि मृतका नाबालिग किशोरी थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.