'अर्बन माइंडसेट' टी-शर्ट पर टिप्पणी, DU छात्रा ने SUV सवार युवकों पर छेड़छाड़ का लगाया आरोप

HIGHLIGHTS
- युवती दिल्ली यूनिवर्सिटी की छात्रा है।
- घटना रात करीब 9:30 बजे की बताई गई है।
- युवती अपनी सहेली के साथ पैदल जा रही थी।
दिल्ली। दिल्ली के मुखर्जी नगर में दिल्ली यूनिवर्सिटी की एक छात्रा से कथित छेड़छाड़ और पीछा करने का मामला सामने आया है। युवती का आरोप है कि अश्लील टिप्पणी का विरोध करने पर कार सवार युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज की। उसने पुलिस में शिकायत करने और कार की फोटो लेने की बात कही तो आरोपियों ने उसे देख लेने की धमकी दी।
युवती के अनुसार, वह अपनी सहेली के साथ वहां से निकलने लगी तो कार सवार युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। कथित छेड़छाड़ और पीछा करने की घटना को लेकर युवती ने अपने बयान में आरोप लगाए हैं।
टी-शर्ट को लेकर की टिप्पणी
युवती के मुताबिक, एसयूवी में सवार एक युवक ने सबसे पहले उसकी टी-शर्ट को लेकर टिप्पणी की। आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि उसकी टी-शर्ट बहुत अच्छी लग रही है। युवती ने लाल रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी, जिस पर 'अर्बन माइंडसेट' लिखा हुआ था।
विरोध करने पर गाली-गलौज का आरोप
युवती ने बताया कि रात करीब 9:30 बजे वह अपनी सहेली के साथ हकीकत पार्क मोड़ से ओल्ड गुप्ता चौक की ओर पैदल जा रही थी। इसी दौरान सामने से आई कार में सवार युवकों ने शीशा नीचे कर अश्लील टिप्पणी की।
दोनों युवतियों ने इसका विरोध करते हुए बदतमीजी नहीं करने को कहा। युवती का आरोप है कि इसके बाद कार सवार युवक और ज्यादा उग्र हो गए और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने लगे।
युवती के अनुसार, जब उसने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो आरोपियों ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। इसके बाद दोनों युवतियां वहां से आगे बढ़ने लगीं, लेकिन कार सवार युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ दूरी पर एक चौराहे के पास आरोपियों ने कार युवतियों के सामने रोक दी। युवती का आरोप है कि कार में मौजूद सभी युवकों ने शीशे नीचे कर गाली-गलौज की।
मोबाइल निकालते ही आरोपी फरार
युवती के मुताबिक, उसने हिम्मत जुटाकर अपना मोबाइल निकाला और घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की। जैसे ही उसने मोबाइल का कैमरा निकाला, आरोपी कार लेकर तेज रफ्तार में वहां से फरार हो गए।
घटना के बाद युवती ने आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.