नोएडा के स्कूल में 15 से ज्यादा बच्चों ने 7 साल के छात्र को पीटा, CCTV में कैद हुई घटना

HIGHLIGHTS
- घटना 27 अक्टूबर की सुबह करीब 7:40 बजे की बताई गई है।
- बच्चे के पिता के अनुसार, घर लौटने पर बेटे ने दर्द और मारपीट की जानकारी दी।
- स्कूल प्रबंधन ने करीब नौ घंटे बाद मोबाइल पर CCTV रिकॉर्डिंग दिखाई।
नोएडा के सेक्टर-71 स्थित ग्लोबल इंडियन इंटरनेशनल स्कूल में दूसरी कक्षा के सात वर्षीय छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल में 15 से ज्यादा बच्चों ने उसे फर्श पर गिराकर पीटा। घर लौटने के बाद बच्चे ने परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद पिता ने स्कूल प्रबंधन से शिकायत की और सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग की।
आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने करीब नौ घंटे तक फुटेज दिखाने में टालमटोल की। बाद में मोबाइल फोन पर रिकॉर्डिंग दिखाई गई, जिसमें कथित तौर पर कुछ बच्चे छात्र के साथ मारपीट करते नजर आए। बच्चे के पिता चिराग ढिंगरा की शिकायत पर कोतवाली फेज-3 पुलिस ने स्कूली बच्चों और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
सेक्टर-61 निवासी चिराग ढिंगरा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 27 अक्टूबर की सुबह करीब 7:40 बजे वह अपने बेटे को स्कूल छोड़कर आए थे। स्कूल का समय सुबह 7:45 बजे से है। आरोप है कि स्कूल में उसकी कक्षा के बच्चों और दूसरी कक्षा के कुछ अन्य छात्रों ने उसे फर्श पर गिराकर पीटा।
स्कूल से घर पहुंचने के बाद बच्चे ने परिजनों को घटना के बारे में बताया और दर्द होने की शिकायत की। इसके बाद पिता ने स्कूल प्रबंधन को मामले की जानकारी दी और सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग दिखाने का अनुरोध किया।
शिकायत के अनुसार, 27 अक्टूबर की सुबह से शाम पांच बजे तक क्लास टीचर, कोऑर्डिनेटर, वाइस प्रिंसिपल, प्रिंसिपल और स्कूल के अन्य कर्मचारियों ने फुटेज दिखाने में आनाकानी की। काफी अनुरोध के बाद प्रबंधन ने मोबाइल फोन पर सीसीटीवी रिकॉर्डिंग दिखाई। पिता का दावा है कि फुटेज में करीब 20 से 30 मिनट तक बच्चे के साथ मारपीट की घटना साफ नजर आ रही है।
एसीपी दीक्षा सिंह ने बताया कि छात्र के पिता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। वहीं, स्कूल प्रबंधन का कहना है कि प्रत्येक छात्र की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। घटना को गंभीरता से लेते हुए स्कूल स्तर पर आंतरिक जांच शुरू की गई है।
शिक्षक के कक्षा में पहुंचने से पहले हुई घटना
शिकायत में घटना का समय सुबह करीब 7:40 बजे बताया गया है, जबकि शिक्षक के कक्षा में पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 8:05 बजे बताया गया है। इस पर पिता ने सवाल उठाया है कि शिक्षक की गैरमौजूदगी में बच्चे कक्षा में क्या कर रहे थे और उस दौरान उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन ने मामले को दबाने और उन्हें गुमराह करने की कोशिश की। साथ ही सीसीटीवी फुटेज के साथ छेड़छाड़ किए जाने की आशंका जताते हुए रिकॉर्डिंग को सुरक्षित रखने की मांग की है।
स्कूल प्रबंधन की लापरवाही पर कार्रवाई की मांग
चिराग ढिंगरा ने पुलिस से स्कूल प्रबंधन की कथित लापरवाही की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि स्कूल में बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी प्रबंधन की है। उन्होंने मांग की है कि भविष्य में किसी अन्य बच्चे के साथ ऐसी घटना न हो, इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.