कंगना रनौत के खिलाफ हिमाचल में FIR दर्ज, गांधी परिवार पर पोस्ट को लेकर कार्रवाई

HIGHLIGHTS
- हिमाचल प्रदेश पुलिस ने भाजपा सांसद कंगना रनौत के खिलाफ FIR दर्ज की।
- गांधी परिवार पर सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हुई कार्रवाई।
- शिकायतकर्ता अतुल शर्मा ने पुलिस महानिदेशक को ईमेल के जरिए शिकायत भेजी थी।
हिमाचल प्रदेश पुलिस ने भाजपा सांसद कंगना रनौत के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। गांधी परिवार को लेकर सोशल मीडिया पर किए गए उनके पोस्ट के संबंध में यह कार्रवाई की गई है। आरोप है कि इन पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और उनके बेटों संजय गांधी व राजीव गांधी की मृत्यु को लेकर "अत्यधिक भड़काऊ संकेत" दिए गए थे।
इन तीन धाराओं के तहत दर्ज हुआ मामला
शिमला के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि यह प्राथमिकी शिमला निवासी अतुल शर्मा की शिकायत के आधार पर दर्ज की गई है। मामले में आगे की जांच की जाएगी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196, 353 और 356 के तहत केस दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता शर्मा का आरोप है कि कंगना के सत्यापित सोशल मीडिया हैंडल से 10 नवंबर को किए गए पोस्ट में इंदिरा गांधी, संजय गांधी और राजीव गांधी की दुखद मृत्यु को लेकर भड़काऊ बातें लिखी गई थीं। उन्होंने इस संबंध में पुलिस महानिदेशक को ईमेल भेजकर शिकायत की थी। शिकायत में कंगना के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने के साथ कठोर और समयबद्ध साइबर-फोरेंसिक जांच कराने की मांग की गई थी। यह ईमेल गुरुवार रात 7:51 बजे भेजा गया था।
पोस्ट में लगाए गए ये आरोप
अतुल शर्मा के मुताबिक, कंगना के पोस्ट में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को "रहस्यमय विदेशी नागरिक" कहा गया है। पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि उनके रिश्तेदारों की एक के बाद एक हत्या हुई, जिसके बाद वह सरकार की मुखिया बन गईं। इसमें "कितना सुविधाजनक" जैसी टिप्पणी भी की गई थी।
इसके अलावा, पोस्ट में संजय गांधी की मृत्यु के बाद मेनका गांधी को परिवार के निवास से अचानक बाहर निकाले जाने का आरोप भी लगाया गया था।
सार्वजनिक शांति भंग करने का आरोप
शिकायतकर्ता ने कहा कि इस तरह की सुनियोजित बयानबाजी राजनीतिक असहमति की सीमा से आगे निकल जाती है। उनके अनुसार, यह सार्वजनिक शत्रुता को बढ़ावा देने और शांति भंग करने में सक्षम है।
शिकायत में पोस्ट के जरिये झूठी जानकारी फैलाकर सार्वजनिक शरारत करने का आरोप भी लगाया गया है। इसमें कहा गया है कि ऐसी पोस्ट विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी बढ़ा सकती हैं और राष्ट्रीय एकता के लिए नुकसानदायक हो सकती हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.