सिलीगुड़ी में गाय चोरी के शक में भीड़ का हमला, दो युवकों की मौत; तीसरा गंभीर

HIGHLIGHTS
- स्थानीय लोगों ने संदिग्ध वाहन का पीछा किया था।
- भीड़ ने वाहन सवार तीन युवकों को घेर लिया।
- पिटाई में दो युवकों की मौके पर मौत हो गई।
सिलीगुड़ी। सिलीगुड़ी के माटीगाड़ा ब्लॉक में गाय चोरी के संदेह में भीड़ ने तीन युवकों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, भीड़ की पिटाई से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने दो वाहनों में तोड़फोड़ की।
शनिवार सुबह माटीगाड़ा ब्लॉक के शिवमंदिर-ताराबाड़ी इलाके में हुई इस घटना के दौरान एक पिकअप वाहन को आग लगा दी गई। वहीं, दूसरे वाहन में भी आग लगाने की कोशिश की गई। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
सूचना मिलने के बाद बागडोगरा और माटीगाड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस मृतकों और घायल युवक की पहचान करने के साथ ही पूरे मामले की जांच कर रही है।
मवेशी चोरी की घटनाओं से नाराज थे स्थानीय लोग
बताया जा रहा है कि सिलीगुड़ी शहर और महकमा क्षेत्र के अलग-अलग ग्रामीण इलाकों में पिछले कई महीनों से गाय चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों में नाराजगी थी। आरोप है कि एक गिरोह रात के समय वाहनों से ग्रामीण इलाकों में पहुंचकर गायों की चोरी करता था।
पशुपालन पर निर्भर परिवार इन घटनाओं को लेकर चिंतित थे। स्थानीय लोगों का दावा है कि सप्ताह में दो से तीन गाय चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। यह भी आरोप लगाया गया है कि गिरोह के सदस्य वाहनों में धारदार हथियार और पत्थर रखते थे और पीछा किए जाने पर पुलिस पर हमला करने की कोशिश भी कर चुके हैं।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात शिवमंदिर से सटे ताराबाड़ी इलाके में कुछ लोगों ने एक वाहन को संदिग्ध तरीके से घूमते हुए देखा। गाय चोरी के शक में स्थानीय लोगों ने वाहन का पीछा करना शुरू कर दिया। वाहन में सवार लोग भागने लगे, लेकिन भीड़ ने उन्हें घेर लिया।
इसके बाद स्थिति बिगड़ गई और लोगों ने वाहनों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसी दौरान वाहन में मौजूद युवकों की बेरहमी से पिटाई की गई। इसमें दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की छानबीन में जुटी हुई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.