नैनीताल में 36 घंटे से मूसलधार बारिश, झील का जलस्तर 88.8 फीट पहुंचा; 15 सड़कें बाधित

HIGHLIGHTS
- 24 घंटे में 185 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
- वाहनों को भीमताल-भवाली और कालाढूंगी रोड से भेजा जा रहा है।
- दोगांव के पास पहाड़ी से भारी मलबा सड़क पर आया।
नैनीताल। शहर में पिछले 36 घंटे से लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। रोजमर्रा के कामकाज के लिए घरों से बाहर निकलने वाले लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हल्द्वानी रोड पर दोगांव के पास भारी मलबा आने से यातायात बाधित हो गया है।
यातायात को भीमताल-भवाली और कालाढूंगी रोड के रास्ते से संचालित किया जा रहा है। पिछले 24 घंटे में नैनीताल में 185 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इसके चलते झील का जलस्तर बढ़कर 88.8 फीट हो गया है। जिले में मलबा आने से 15 मोटर मार्गों पर यातायात प्रभावित है।
शहर में शुक्रवार रात से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शनिवार पूरे दिन और रात के बाद रविवार को भी जारी रहा। लगातार बारिश का असर पर्यटन कारोबार पर भी पड़ा है। पर्यटकों की आमद नहीं होने से सड़कें सुनसान नजर आ रही हैं।
रोजमर्रा के काम से बाहर निकलने वाले लोगों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच रविवार सुबह दोगांव के पास पहाड़ी पर भारी भूस्खलन हुआ, जिससे सड़क पर कई घंटों से यातायात पूरी तरह रुका हुआ है। एनएच की टीम बुलडोजर की मदद से मलबा हटाने में जुटी है।
झील का जलस्तर उच्चतर स्तर से चार इंच दूर
मूसलधार बारिश के कारण शहर के प्राकृतिक जलस्रोत रिचार्ज हो गए हैं। नालों में उफान आने से बड़ी मात्रा में पानी झील में पहुंच रहा है। इसके चलते झील का जलस्तर बढ़कर 88.8 फीट हो गया है।
जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए सिंचाई विभाग ने झील के दोनों निकासी गेट पूरी क्षमता से खोल दिए हैं। दोनों गेटों से 18-18 इंच पानी की निकासी किए जाने के बावजूद झील का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।
जिले में 15 सड़कें बाधित
लगातार बारिश से जिले की सड़कों पर भी असर पड़ा है। कई जगह मलबा आने से वाहनों की आवाजाही रुक गई है। आपदा नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार बारिश के कारण जिले की 15 सड़कों पर यातायात पूरी तरह बाधित है।
इनमें ज्योलीकोट-भवाली क्वारब और हल्द्वानी-नैनीताल के दो राष्ट्रीय राजमार्ग, तीन राज्य मार्ग, एक जिला मार्ग और नौ ग्रामीण मार्ग शामिल हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.