तुर्किए से भारत डिपोर्ट हुआ ड्रग्स किंगपिन नवप्रीत सिंह, अमित शाह ने दी बड़ी जानकारी

HIGHLIGHTS
- नवप्रीत सिंह को तुर्किए से भारत डिपोर्ट किया गया है।
- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जानकारी दी।
- आरोपी ने ‘नवाब विर्क’ के नाम से कथित फर्जी पहचान बनाई थी।
नई दिल्ली। भारत की सुरक्षा और जांच एजेंसियों को अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। कुख्यात नार्को-तस्कर और सिंडिकेट के सरगना नवप्रीत सिंह को तुर्किए से भारत डिपोर्ट कर दिया गया है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। उन्होंने इसे मोदी सरकार के लिए एक ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया है।
फर्जी पहचान के जरिए तुर्किए में बना था नागरिक
अमित शाह के मुताबिक, नवप्रीत सिंह कानून से बचने के लिए फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर रहा था। उसने ‘नवाब विर्क’ के नाम से अपनी दूसरी पहचान बनाई और इसी पहचान के आधार पर तुर्किए की नागरिकता भी हासिल कर ली थी।
शाह ने बताया कि भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने उसकी वास्तविक पहचान सामने लाने के लिए उसकी गतिविधियों की गहराई से जांच की। इसके बाद उसे भारत वापस लाने में सफलता मिली। अब नवप्रीत सिंह को ड्रग्स तस्करी और अन्य मामलों में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
अफगानिस्तान से भारत तक ड्रग्स तस्करी का नेटवर्क
गृह मंत्री ने अपने पोस्ट में यह भी बताया कि नवप्रीत सिंह तुर्किए में छिपकर अफगानिस्तान से भारत तक हेरोइन और मेथमफेटामाइन जैसे नशीले पदार्थों की तस्करी का अवैध कारोबार चला रहा था।
अमित शाह ने इस कार्रवाई के लिए सभी जांच और सुरक्षा एजेंसियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार दिसंबर 2029 से पहले देश से हर ड्रग्स तस्करी गिरोह को पूरी तरह खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.