गोरखपुर: सीएम योगी कल करेंगे गीडा स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ

HIGHLIGHTS
- गीडा का 37वां स्थापना दिवस समारोह 29 नवंबर से 1 दिसंबर तक आयोजित होगा।
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को समारोह का शुभारंभ करेंगे।
- पांच कंपनियों के साथ 17,650 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश का एमओयू होगा।
गोरखपुर। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के 37वें स्थापना दिवस समारोह का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार, 29 नवंबर को करेंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री के समक्ष 17,650 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश से जुड़े एमओयू पर हस्ताक्षर होंगे। इसके अलावा गीडा परिक्षेत्र और धुरियापार इंडस्ट्रियल टाउनशिप के लिए 502 करोड़ रुपये की लागत वाली 104 विकास परियोजनाओं की सौगात भी मुख्यमंत्री देंगे।
औद्योगिक प्रदर्शनी और व्यापार मेले का भी होगा उद्घाटन
29 नवंबर से एक दिसंबर तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री औद्योगिक प्रदर्शनी सह व्यापार मेले का भी शुभारंभ करेंगे। इसमें गीडा में निर्मित उत्पादों के अलावा ओडीओसी (एक जिला एक व्यंजन) के स्टॉल विशेष आकर्षण रहेंगे। स्थापना दिवस के अवसर पर बायर्स-सेलर्स मीट भी आयोजित की जाएगी। इसमें देश के दूसरे शहरों और राज्यों के साथ विदेशों से भी प्रतिभागी शामिल होंगे।
गीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विशाल कुमार ने बताया कि स्थापना दिवस समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान उनके सामने 17,650 करोड़ रुपये की प्रस्तावित निवेश परियोजनाओं के लिए पांच कंपनियों के साथ एमओयू का आदान-प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह निवेश मुख्य रूप से रोजगार से जुड़े क्षेत्रों में होगा। इनमें हरित ऊर्जा (ग्रीन अमोनिया), दवा निर्माण (फार्मास्युटिकल्स), धातु प्रसंस्करण, आसवनी (डिस्टिलरी) और मत्स्य आहार (फिश फीड) उत्पादन शामिल हैं। इससे पूर्वांचल की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलने के साथ ही स्थानीय स्तर पर हजारों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
पांच कंपनियां करेंगी निवेश के लिए एमओयू
प्रस्तावित निवेश के तहत एक्मे कंपनी ग्रीन अमोनिया परियोजना के लिए 16,000 करोड़ रुपये के निवेश का एमओयू करेगी। वहीं, सिम्बायोटिक थेराप्यूटिक्स प्रा. लिमिटेड की ओर से दवा निर्माण परियोजना में 500 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।
इसके अलावा आर्बिट ग्रुप आयरन, स्टील और एल्युमीनियम व्हील रोलिंग परियोजना के लिए 500 करोड़ रुपये, एसआर मदर्स नेचर डिस्टिलरीज आसवनी परियोजना के लिए 500 करोड़ रुपये और दीपक नेक्सजेन फीड्स प्रा. लिमिटेड मत्स्य आहार (फिश फीड्स) परियोजना के लिए 150 करोड़ रुपये के निवेश का एमओयू करेगी।
502 करोड़ की 104 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण
गीडा के स्थापना दिवस पर 29 नवंबर को आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 104 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इन विकास कार्यों पर कुल 502 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इनमें सिविल और विद्युत से संबंधित बुनियादी ढांचे के कार्य शामिल हैं।
इन परियोजनाओं के पूरा होने से गीडा और धुरियापार के औद्योगिक क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं, चौड़ी सड़कों और विद्युत उपकेंद्रों का विस्तार होगा।
मुख्यमंत्री 126.23 करोड़ रुपये की लागत वाले 19 सिविल कार्यों और 62.61 करोड़ रुपये के 21 विद्युत एवं अन्य कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही 272.30 करोड़ रुपये के 44 विकास कार्यों और 41.18 करोड़ रुपये के 20 विद्युत एवं अन्य कार्यों का शिलान्यास भी करेंगे।
इस तरह मुख्यमंत्री के हाथों 188.84 करोड़ रुपये की 40 परियोजनाओं का लोकार्पण और 313.47 करोड़ रुपये की 64 परियोजनाओं का शिलान्यास होगा। इनमें श्रमिक कल्याण से संबंधित लेबर डॉरमेट्री के निर्माण की परियोजना भी शामिल है।
बायर्स-सेलर्स मीट में पांच देशों के प्रतिनिधि होंगे शामिल
गीडा के स्थापना दिवस समारोह में बायर्स-सेलर्स मीट के साथ औद्योगिक प्रदर्शनी सह व्यापार मेले का आयोजन भी किया जाएगा। पहली बार विदेशों से खरीदार गीडा पहुंचेंगे। इसमें जापान, नेपाल, आस्ट्रिया, वियतनाम और श्रीलंका के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इनके अलावा दिल्ली, पंजाब, महाराष्ट्र सहित देश के अलग-अलग राज्यों से भी प्रतिनिधि शामिल होंगे।
औद्योगिक प्रदर्शनी और व्यापार मेले में विभिन्न उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें गारमेंट पार्क, प्लास्टिक पार्क, फर्नीचर, स्टार्टअप और ओडीओसी के स्टॉल भी शामिल होंगे।
एमएसएमई विभाग के संयोजन में आयोजित होने वाली बायर्स-सेलर्स मीट में पांच देशों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इस दौरान उनकी स्थानीय उद्यमियों के साथ चर्चा होगी।
— राम प्रकाश, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, गीडा
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.