गोरखपुर हादसा: जेल में बंद सपा कार्यकर्ताओं के लिए अखिलेश यादव ने बनाई कानूनी रणनीति

HIGHLIGHTS
- गोरखपुर रोड शो के दौरान जेसीबी से कुचलकर बच्चे आर्यवर्धन सिंह की मौत हुई थी।
- मामले में आठ कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
- सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने शुक्रवार को लखनऊ में गोरखपुर के नेताओं के साथ बैठक की।
गोरखपुर। रोड शो के दौरान बुलडोजर (जेसीबी) से कुचलकर बच्चे आर्यवर्धन सिंह की मौत के मामले में आठ कार्यकर्ताओं के जेल भेजे जाने के बाद समाजवादी पार्टी ने अब कानूनी लड़ाई की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी गिरफ्तार कार्यकर्ताओं को जमानत दिलाने से लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई तक मदद करेगी। इसके लिए हाईकोर्ट के पैनल अधिवक्ताओं से सलाह लेकर प्रभावी पैरवी की रणनीति बनाई जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर पार्टी आंदोलन का रास्ता भी अपनाएगी।
अखिलेश यादव ने गोरखपुर के नेताओं से ली मामले की जानकारी
शुक्रवार को लखनऊ में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गोरखपुर के नेताओं के साथ बैठक की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने निवर्तमान और पूर्व जिलाध्यक्षों, महानगर अध्यक्षों तथा चुनाव लड़ चुके नेताओं से घटना और अब तक हुई कार्रवाई के बारे में जानकारी हासिल की। नेताओं ने बताया कि इस मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
कार्यकर्ताओं को अकेला नहीं छोड़ेगी पार्टी: अखिलेश
बैठक में अखिलेश यादव ने आरोपियों को कानूनी सहायता देने के विकल्पों पर चर्चा की। उन्होंने प्रदेश नेतृत्व को हाईकोर्ट के पैनल अधिवक्ताओं से बातचीत कर आगे की रणनीति तैयार करने का निर्देश दिया। सबसे पहले जमानत की प्रक्रिया और अन्य कानूनी विकल्पों पर काम किया जाएगा।
अखिलेश ने भरोसा दिलाया कि पार्टी अपने कार्यकर्ताओं को अकेला नहीं छोड़ेगी और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी।
बैठक में कुछ नेताओं ने घटना के विरोध में आंदोलन करने का सुझाव भी दिया। इस पर पार्टी नेतृत्व ने जरूरत पड़ने पर आंदोलन किए जाने का भरोसा दिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.