मखाना कारोबार में 43 लाख की ठगी के बाद पूर्व IPS के बेटे को मिली धमकी, पत्नी-बच्चे को भेजा विदेश

HIGHLIGHTS
- पूर्व IPS अधिकारी के बेटे अमिताभ कुमार ने मखाना कारोबार में 43.20 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया।
- धमकियों के बाद उन्होंने अपनी विदेशी नागरिक पत्नी और ढाई साल के बेटे को विदेश भेज दिया।
- पटना के श्रीकृष्णापुरी थाने में धोखाधड़ी, फर्जीवाड़े और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
पटना। पूर्व आईपीएस अधिकारी रमेश प्रसाद सिंह के बेटे और व्यवसायी अमिताभ कुमार को मखाना कारोबार में लाखों रुपये की ठगी के बाद अब जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
लगातार मिल रही धमकियों और सुरक्षा को लेकर बढ़ते खतरे को देखते हुए अमिताभ कुमार ने अपनी विदेशी नागरिक पत्नी और ढाई साल के बेटे को आनन-फानन में भारत से बाहर भेज दिया है।
मखाना अमृत मंत्रा प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अमिताभ कुमार पूर्णिया के बीआईएडीए (बियाडा) मरंगा औद्योगिक विकास केंद्र में बड़े स्तर पर मखाना प्रसंस्करण उद्योग स्थापित कर रहे हैं। इसी दौरान सोशल मीडिया के जरिए कुछ लोगों ने उनसे संपर्क किया। आरोप है कि इन लोगों ने खुद को एक एग्रो कंपनी का अधिकारी बताया।
अमिताभ कुमार ने उनके झांसे में आकर फरवरी 2026 में 6,000 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाले मखाने के लिए 43 लाख 20 हजार रुपये का ऑनलाइन भुगतान कर दिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपितों ने न सिर्फ मखाने की मात्रा में गड़बड़ी की, बल्कि बेहद खराब गुणवत्ता का माल भेजा, जिसे खरीदार ने देखते ही अस्वीकार कर दिया।
मामले के बाद जब अमिताभ कुमार ने अपनी रकम वापस मांगी तो मधुबनी में स्थानीय लोगों की मौजूदगी में एक पंचायत बुलाई गई। 17 मार्च को हुई इस बैठक में आरोपितों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए दो महीने के भीतर पूरी रकम की भरपाई करने का लिखित शपथ पत्र दिया।
हालांकि, आरोपितों की ओर से दिया गया पता बाद में फर्जी निकला। उनके नाम भेजा गया कानूनी नोटिस भी डाक के जरिए वापस लौट आया।
धमकियों के बाद पत्नी और बच्चे को भेजा विदेश
अमिताभ कुमार का आरोप है कि इसके बाद आरोपितों ने उन्हें डराना-धमकाना शुरू कर दिया। जुलाई के शुरुआती सप्ताह में अलग-अलग नंबरों से लगातार फोन कर उन्हें मधुबनी आने पर जान से मारने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दी गईं।
धमकियों के बाद अपनी सुरक्षा को देखते हुए अमिताभ कुमार ने पत्नी और बच्चे को देश से बाहर भेज दिया।
पीड़ित अमिताभ कुमार की लिखित शिकायत के आधार पर पटना के श्रीकृष्णापुरी थाने में धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात, फर्जीवाड़े और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.