अररिया में शराब लदा ट्रक दुर्घटनाग्रस्त, बोतलें लूटने के लिए उमड़ी भीड़

HIGHLIGHTS
- दुर्घटनाग्रस्त ट्रक में अलग-अलग ब्रांड की शराब लदी थी।
- ट्रक सड़क किनारे लगे बोर्ड से टकराने के बाद रुक गया।
- हादसे के बाद चालक और सहचालक मौके से फरार हो गए।
रानीगंज (अररिया)। बिहार में शराबबंदी लागू होने के बावजूद शुक्रवार को रानीगंज-अररिया मार्ग पर एनएच-327 ई में खरहट टोल प्लाजा के पास शराब लदा एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। गांधी जयंती के मौके पर ड्राई डे होने के बावजूद हादसे के बाद ट्रक से शराब की बोतलें निकालकर ले जाने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इनमें महिलाएं और अन्य लोग भी शामिल थे। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक, छह पहिया ट्रक संख्या एएस 25 ईसी 0644 में अलग-अलग ब्रांड की काफी मात्रा में शराब लदी हुई थी। खरहट टोल प्लाजा के पास ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बोर्ड से टकरा गया।
हादसे में चालक के घायल होने के बाद ट्रक पर उसका नियंत्रण नहीं रहा। कुछ दूरी आगे जाने के बाद ट्रक सड़क किनारे रुक गया। इसके बाद चालक और सहचालक मौके से फरार हो गए।
ट्रक के रुकने के बाद आसपास के ग्रामीण वहां जमा होने लगे। कुछ ही देर में ट्रक में लदी शराब की बोतलें निकालकर ले जाने का सिलसिला शुरू हो गया।
बड़ी संख्या में लोगों ने लूटी बोतलें
देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग शराब की बोतलें लेकर मौके से जाने लगे। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने काफी मात्रा में शराब लूट ली। घटना के दौरान कई लोगों ने वीडियो भी बनाया, जो बाद में पुलिस के संज्ञान में आया।
सूचना मिलने पर रानीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। साथ ही ट्रक में मौजूद शराब की मात्रा और अलग-अलग ब्रांड की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस चालक और सहचालक की भी तलाश कर रही है। मौके पर पहुंचे अररिया एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि ट्रक से शराब लूटे जाने से जुड़े कुछ वीडियो पुलिस को मिले हैं और मामले की जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि ट्रक के मालिक का पता लगाया जा रहा है। ट्रक मालिक की भूमिका की भी जांच की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फरार चालक की तलाश जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.