पूर्व मंत्री जसविंदर सिंह संधू के बेटे गगनजोत ने फार्म हाउस में खुद को मारी गोली

HIGHLIGHTS
- गगनजोत संधू शुक्रवार सुबह रूपनगर के ककोट फार्म हाउस पहुंचे थे और वहां अकेले थे।
- पुलिस ने घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई और शव को सरकारी अस्पताल भेजा।
- गगनजोत संधू कुरुक्षेत्र के गुमथला गढ़ू गांव से दो बार सरपंच रह चुके थे।
रूपनगर। हरियाणा के पूर्व कृषि मंत्री स्वर्गीय जसविंदर सिंह संधू के बेटे गगनजोत संधू ने शुक्रवार को आत्महत्या कर ली। उन्होंने पंजाब के रूपनगर जिले के पुरखाली गांव में स्थित ककोट फार्म हाउस में खुद को गोली मार ली।
बताया जा रहा है कि गगनजोत संधू शुक्रवार सुबह ही रूपनगर पहुंचे थे। उस समय वह फार्म हाउस में अकेले थे।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। इसके बाद शव को रूपनगर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जाएगी।
रूपनगर सदर थाने के एसएचओ सनी खन्ना ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
दो बार गांव के सरपंच रह चुके थे गगनजोत
गगनजोत संधू कुरुक्षेत्र के गुमथला गढ़ू गांव से दो बार सरपंच रह चुके थे। उनके पिता स्वर्गीय जसविंदर सिंह संधू हरियाणा की राजनीति में सक्रिय रहे थे और चार बार विधायक चुने गए थे। ओपी चौटाला की सरकार में उन्हें मंत्री बनाया गया था। वर्ष 2019 में उनका निधन हो गया था।
गगनजोत संधू उनके बेटे थे।
वहीं, सरकारी अस्पताल के डॉक्टर चंदन ने बताया कि शाम 6:40 बजे गगनजोत को अस्पताल लाया गया था। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.