तिहाड़ जेल के हाई सिक्योरिटी वार्ड में गैंगस्टरों ने किया हंगामा, जेलकर्मियों को धमकाने का आरोप

HIGHLIGHTS
- नवीन बाली और संदीप उर्फ ढिल्लू को फिलहाल अलग-अलग वार्ड में रखा गया है।
- संदीप ढिल्लू परिवार के साथ ई-मुलाकात कर रहा था।
- ई-मुलाकात के दौरान उसका व्यवहार अचानक आक्रामक होने का आरोप है।
देश की हाई सिक्योरिटी जेलों में शामिल तिहाड़ जेल के हाई सिक्योरिटी वार्ड में बंद गैंगस्टर नवीन बाली और संदीप उर्फ ढिल्लू ने जमकर हंगामा किया। दोनों पर जेल अधिकारियों और कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देने, हमला करने की कोशिश करने और खुद को चोट पहुंचाने का आरोप है। घटना के बाद हाई सिक्योरिटी वार्ड में सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी गई है। फिलहाल दोनों को अलग-अलग वार्ड में रखा गया है।
तिहाड़ जेल के सूत्रों के मुताबिक, संदीप ढिल्लू अपने परिवार के साथ ई-मुलाकात कर रहा था। इसी दौरान उसका व्यवहार अचानक आक्रामक हो गया। उसने जेलकर्मियों के साथ गाली-गलौज की और उन्हें धमकाने लगा। इसके बाद उसने कर्मचारियों पर हमला करने की कोशिश की।
बताया गया कि संदीप ढिल्लू ने दरवाजे, दीवार और कूलर पर अपना सिर पटकना शुरू कर दिया। जेलकर्मियों ने तुरंत उसे काबू में लिया और खुद को नुकसान पहुंचाने से रोका।
नशे के प्रभाव की आशंका में कराया गया यूरिन टेस्ट
सूत्रों के अनुसार, संदीप ढिल्लू के नशे के प्रभाव में होने की आशंका के चलते उसका यूरिन टेस्ट भी कराया गया। ई-मुलाकात खत्म होने के बाद जब उसे उसके बैरक में ले जाया जा रहा था, तब उसने एक बार फिर जेल अधिकारियों और कर्मचारियों पर हमला करने की कोशिश की।
उसने बैरक में जाने से इनकार कर दिया और अधिकारियों को गंभीर परिणाम भुगतने के साथ जान से मारने की धमकी देने लगा। इस दौरान उसने सहायक अधीक्षक, मुख्य वार्डर और ड्यूटी पर तैनात वार्डरों पर हमला करने का प्रयास किया।
नवीन बाली ने भी खुद को चोट पहुंचाने की कोशिश की
सूत्रों ने बताया कि रात के समय नवीन बाली ने भी अपने सेल के अंदर खुद को चोट पहुंचाने की कोशिश की। इसके बाद जेल प्रशासन ने हाई सिक्योरिटी वार्ड में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और सख्त कर दिया।
नवीन डबास उर्फ नवीन बाली दिल्ली-एनसीआर के गैंगस्टरों में शामिल है। वह नीरज बवाना गिरोह से जुड़ा रहा है और काफी समय से तिहाड़ जेल में बंद है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, आपराधिक साजिश और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.