मुजफ्फरपुर में गैस पाइपलाइन फटी, स्कूल में मची अफरा-तफरी; कई बच्चे हुए बेहोश

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरपुर के रोहुआ हाई स्कूल के पास जेसीबी खुदाई के दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई।
- गैस रिसाव से कई बच्चों की तबीयत बिगड़ी, पांच बच्चियों को एसकेएमसीएच रेफर किया गया।
- प्रशासन और गैस कंपनी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और जांच शुरू की।
मुजफ्फरपुर: जिले के मुसहरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया। मुजफ्फरपुर-मुसहरी मुख्य मार्ग पर रोहुआ हाई स्कूल के पास जेसीबी से खुदाई के दौरान गैस पाइपलाइन टूट गई, जिसके बाद तेजी से गैस का रिसाव शुरू हो गया।
गैस रिसाव के साथ तेज आवाज सुनाई दी, जिससे स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया। घटना के समय स्कूल में कक्षाएं चल रही थीं और करीब 150 से ज्यादा छात्र-छात्राएं मौजूद थे। स्थिति को देखते हुए शिक्षकों ने तुरंत बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू कर दिया।
गैस फैलने से बिगड़ी बच्चों की तबीयत
पाइपलाइन से गैस निकलने के कारण आसपास का क्षेत्र धुएं और गैस से भर गया। इसके प्रभाव से कई बच्चों की तबीयत खराब हो गई, जबकि कुछ बच्चे बेहोश भी हो गए।
सभी प्रभावित बच्चों को तुरंत मुसहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद पांच बच्चियों को बेहतर इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) रेफर किया गया। फिलहाल सभी बच्चों का इलाज चल रहा है।
शिक्षकों की सूझबूझ से बची बड़ी घटना
रोहुआ उच्च विद्यालय के शिक्षक अमरजीत कुमार ने बताया कि कक्षा चलने के दौरान अचानक तेज धमाके जैसी आवाज आई और कुछ ही समय में गैस का धुआं फैलने लगा। इससे स्कूल में मौजूद सभी लोग घबरा गए।
उन्होंने बताया कि शिक्षकों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी बच्चों को स्कूल से बाहर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। घटना के बाद जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर स्कूल में छुट्टी कर दी गई और शिक्षकों को भी घर भेज दिया गया।
स्कूल के पास छोटे बच्चों का एक अन्य विद्यालय भी संचालित होता है, जिसे एहतियात के तौर पर खाली करा दिया गया।
स्थानीय लोगों ने भी की मदद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। बच्चों को परेशान देखकर स्थानीय लोगों ने भी उन्हें बाहर निकालने और अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
घटना के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल बन गया था।
गैस कंपनी ने खुदाई को बताया कारण
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन, फायर ब्रिगेड और गैस आपूर्ति कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
गैस कंपनी के अधिकारी आदित्य भट्टाचार्य ने बताया कि तकनीकी टीम ने तुरंत गैस सप्लाई बंद कर दी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बुडको की ओर से जेसीबी से की जा रही खुदाई के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई, जिसके कारण गैस रिसाव हुआ।
उन्होंने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।
प्रशासन ने शुरू की जांच
जिला प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच के बाद कारणों का पता लगाया जाएगा।
यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य है और सुरक्षा व्यवस्था जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.