रोशन यादव की मौत मामले में तेजस्वी ने NHRC को लिखा पत्र, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग

HIGHLIGHTS
- जेल प्रशासन ने फंदे से लटककर मौत होने की बात कही है।
- स्वजन ने शरीर पर चोट के निशान होने का दावा किया है।
- तेजस्वी ने गिरफ्तारी के कारण की लिखित सूचना नहीं दिए जाने का भी मुद्दा उठाया।
पटना। मधुबनी में 10 अगस्त को मंडल कारागार में 19 वर्षीय रोशन यादव की मौत हो गई थी। राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव इसे निर्मम हत्या बता रहे हैं।
उन्होंने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को पत्र लिखकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने का आग्रह किया है। यह पत्र उन्होंने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की हैसियत से लिखा है।
अफसरशाही को बताया अराजक और अनियंत्रित
तेजस्वी यादव ने कहा कि जेल प्रशासन का कहना है कि रोशन ने फंदे से लटककर जान दी। वहीं, रोशन के स्वजन का कहना है कि उसके शरीर पर चोट के कई निशान थे और गिरफ्तारी के कारण की लिखित जानकारी भी नहीं दी गई।
रोशन की गिरफ्तारी 27 मई को हुई थी। तेजस्वी ने कहा कि इस मामले को वह हर मंच पर उठाकर न्याय सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने बिहार में गवर्नेंस की अनुपस्थिति का आरोप लगाते हुए अफसरशाही को अराजक और अनियंत्रित बताया।
उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को मनोनीत और कमजोर प्रशासनिक समझ वाला बताया। तेजस्वी ने कहा कि निर्दोष नागरिकों की बलि वह हरगिज नहीं लेने देंगे।
राघोपुर में गंगा के तटवर्ती गांवों का निरीक्षण
गंगा का जलस्तर बढ़ने के बाद कटाव शुरू हो गया है। तेजस्वी यादव ने अपने विधानसभा क्षेत्र राघोपुर में कटावग्रस्त स्थानों का निरीक्षण किया और तटवर्ती गांवों पर मंडरा रहे खतरे का जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों को जलस्तर और कटाव की स्थिति पर लगातार निगरानी रखते हुए अलर्ट मोड में रहने तथा स्थानीय ग्रामीणों के साथ समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित समाधान और कटाव निरोधक कार्यों के लिए तत्पर रहें।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.