बंगाल में घर में घुसकर दंपती और दो बेटियों से मारपीट, महिला से दुष्कर्म का आरोप

HIGHLIGHTS
- पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के चाकदह इलाके में वारदात का आरोप।
- बुधवार देर रात करीब 12:40 बजे घर का गेट तोड़कर घुसे चेहरे ढके बदमाश।
- पीड़िता ने पति और दो नाबालिग बेटियों के साथ मारपीट का आरोप लगाया।
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के चाकदह इलाके में एक घर में घुसकर दंपती और उनकी दो नाबालिग बेटियों के साथ मारपीट करने, महिला से दुष्कर्म और लूटपाट का मामला सामने आया है।
पीड़िता की शिकायत के अनुसार, बुधवार देर रात करीब 12:40 बजे चेहरे ढके कुछ बदमाश घर का गेट तोड़कर अंदर दाखिल हुए। आरोप है कि बदमाशों ने सबसे पहले उसके पति के साथ मारपीट की और उनके सिर पर बंदूक तान दी। इसी दौरान दो लोगों ने महिला को पकड़कर जमीन पर गिरा दिया, जबकि एक अन्य व्यक्ति ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी
पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपितों ने उनकी आठ और छह साल की दोनों बेटियों के साथ भी शारीरिक प्रताड़ना की। इसके बाद बदमाशों ने घर की अलमारी तोड़कर नकदी और सोने के गहने लूट लिए। घर से जाते समय उन्होंने पुलिस में शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
चाकदह थाने में दर्ज कराई शिकायत
गुरुवार को महिला ने चाकदह थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। महिला के पति ने दावा किया कि वह अखिल भारतीय मतुआ संघ के समर्थक हैं। उनका कहना है कि ठाकुरनगर के ठाकुरबाड़ी में रास उत्सव में शामिल होने के बाद से उन्हें धमकियां मिल रही थीं।
उन्होंने आरोप लगाया कि मतुआ समुदाय से जुड़े होने के कारण उनके परिवार को निशाना बनाया गया।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
पुलिस ने दुष्कर्म समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रानाघाट पुलिस जिले के एसपी आशीष मौर्य ने शिकायत मिलने और मामले की जांच जारी होने की पुष्टि की है। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.