उत्तराखंड की आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय 1700 रुपये बढ़ा, धामी कैबिनेट ने दी मंजूरी

HIGHLIGHTS
- उत्तराखंड कैबिनेट ने आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1700 रुपये की बढ़ोतरी को मंजूरी दी।
- अब आशा कार्यकर्ताओं को हर महीने 8300 रुपये के बजाय 10 हजार रुपये मिलेंगे।
- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक हुई।
देहरादून। उत्तराखंड की आशा कार्यकर्ताओं के लिए राहत की खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में उनके मासिक मानदेय में 1700 रुपये की बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। इस फैसले के बाद आशा कार्यकर्ताओं को अब हर महीने 8300 रुपये के बजाय 10 हजार रुपये मानदेय मिलेगा।
धामी कैबिनेट ने आशा कार्यकर्ताओं से जुड़ा यह अहम निर्णय लिया है। प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था में आशा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। वे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने का काम करती हैं। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की देखभाल से जुड़ी गतिविधियों में भी उनकी भागीदारी रहती है।
टीकाकरण, संस्थागत प्रसव के प्रति जागरूकता और स्वास्थ्य से जुड़ी सरकारी योजनाओं को लागू कराने में भी आशा कार्यकर्ता अहम जिम्मेदारी निभाती हैं।
कैबिनेट ने 23 प्रस्तावों को दी मंजूरी
स्वास्थ्य विभाग और आम लोगों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम करने वाली आशा कार्यकर्ताओं को उनके कार्यों के लिए मानदेय और प्रोत्साहन राशि दी जाती है। अब कैबिनेट की मंजूरी के बाद उनके मासिक मानदेय में 1700 रुपये का इजाफा होगा। इससे उन्हें हर महीने कुल 10 हजार रुपये मिलेंगे।
शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में कुल 23 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। इनमें भवन निर्माण से जुड़े नियमों में छूट देने, जमीन का लैंड यूज बदलने की दरों में करीब 25 प्रतिशत की कटौती और हरिद्वार में तीन पीआरटी कॉरिडोर बनाने जैसे फैसले शामिल हैं।
इसके साथ ही वन भूमि पर बसे लोगों की आबादी को डी-नोटिफाई करने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने पर भी सैद्धांतिक सहमति बनी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.