गुजरात में नकली शराब का कहर, 3 युवकों की मौत; छह अस्पताल में भर्ती, चार बुटलेगर हिरासत में

HIGHLIGHTS
- 16 अगस्त की रात सात दोस्तों ने शराब पार्टी की थी
- शराब पीने के बाद सभी की तबीयत अचानक बिगड़ी
- शुरुआती घटना में एक युवक की मौके पर मौत हुई
भावनगर। गुजरात के भावनगर जिले के घोघा तालुका के खरकड़ी गांव में नकली शराब (लट्ठाकांड) पीने की आशंका से हड़कंप मच गया है। 16 अगस्त की रात शराब पार्टी के बाद संदिग्ध नकली शराब पीने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उसके छह अन्य दोस्तों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इलाज के दौरान दो और युवकों ने दम तोड़ दिया। इसके साथ ही इस घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अब स्टेट मॉनिटरिंग सेल (SMC) को सौंप दी गई है।
शराब पार्टी के बाद बिगड़ी थी तबीयत
जानकारी के अनुसार, खरकड़ी गांव के सात दोस्तों ने 16 अगस्त की रात शराब पार्टी की थी। कथित तौर पर डुप्लीकेट शराब पीने के बाद सभी की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। इनमें उपेन्द्रसिंह गोहिल की सबसे पहले मौत हुई।
एसपी नितेश पांडेय के मुताबिक, बाकी छह लोगों को तुरंत सर टी अस्पताल और अन्य निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान 24 वर्षीय विश्वराजसिंह गोहिल और घनश्यामसिंह जडेजा की हालत भी गंभीर बनी हुई थी। दो और युवकों की मौत के बाद प्रशासन ने कुल तीन मौतों की पुष्टि की है।
मृतकों की पहचान और जहर की आशंका
पुलिस प्रशासन के अनुसार, मृतकों की पहचान भावनगर के तळाजा रोड निवासी 40 वर्षीय कार्तिक अश्विनभाई मकवाना, घोघा तालुका के खरकड़ी गांव निवासी 25 वर्षीय उपेन्द्रसिंह चंद्रसिंह गोहिल और मूल रूप से मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी नरेंद्रसिंह यादव के रूप में हुई है।
मृतक उपेन्द्रसिंह के भाई नरेन्द्रसिंह ने शराब में जहर होने की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि शराब पीने के बाद उनके भाई और दोस्तों को लगातार उल्टियां होने लगी थीं और उनकी हालत गंभीर हो गई थी। मौत की वास्तविक वजह पता लगाने के लिए शवों का फोरेंसिक पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण की पुष्टि हो सकेगी।
बुटलेगर्स के रैकेट का भंडाफोड़
घटना सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने नकली 'रॉयल स्टैग' शराब बेचने वाले चार बुटलेगरों को हिरासत में लिया है।
पुलिस की शुरुआती जांच में मुख्य सप्लायर सहित खुदरा बिक्री करने वाले चार आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। जांच में यह भी पता चला है कि नकली शराब की खेप वरतेज पुलिस स्टेशन क्षेत्र और शहर के कुछ अन्य इलाकों में बड़े स्तर पर बेची गई थी।
प्रशासन की चेतावनी: नकली शराब से रहें सावधान
भावनगर पुलिस एफएसएल टीम के संपर्क में है और शराब के सैंपल की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि डुप्लीकेट शराब का जत्था बाजार में बड़े पैमाने पर बेचे जाने की जानकारी सामने आने के बाद इसका सेवन न करें।
पुलिस ने कहा है कि यदि किसी व्यक्ति ने ऐसी शराब का सेवन किया है और उसकी तबीयत थोड़ी भी खराब होती है, तो बिना जोखिम उठाए तुरंत नजदीकी अस्पताल जाकर इलाज कराएं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.