पति पर साथ न रखने का आरोप, शामली की महिला ने CM से लगाई न्याय की गुहार; बोली- इंसाफ नहीं मिला तो कर लूंगी आत्महत्या

HIGHLIGHTS
- पीड़िता ने आरोप लगाया कि मुजफ्फरनगर में पति और उसकी मौसी ने उसके साथ धक्का-मुक्की की।
- महिला ने दावा किया कि वर्ष 2022 में गर्भवती होने पर उसका गर्भपात कराया गया।
- एसपी एनपी सिंह ने मामले की जांच कराने और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की बात कही।
शामली। यूपी के शामली शहर के एक मोहल्ले की रहने वाली महिला ने अपने पति पर चार साल से उसे साथ न रखने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मुख्यमंत्री से न्याय की मांग की है। महिला ने चेतावनी दी कि अगर उसे न्याय नहीं मिला तो वह आत्महत्या कर लेगी।
पति बदलता रहा मोबाइल नंबर और ठिकाना
पीड़िता ने शनिवार को नगरपालिका में प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि उसकी शादी 30 जुलाई 2022 को शामली के एक मोहल्ले के रहने वाले युवक से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद पति ने उसे दो महीने के लिए मायके भेज दिया और बाद में वापस लेने आने की बात कही। महिला का आरोप है कि इसके बाद वह उसे लेने नहीं आया।
पीड़िता के मुताबिक, पति ने अपना मोबाइल नंबर बदल लिया और लगातार ठिकाना भी बदलता रहा। हाल ही में उसे जानकारी मिली कि उसका पति मुजफ्फरनगर में अपनी मौसी के घर रह रहा है। वहां पहुंचने पर आरोप है कि पति और उसकी मौसी ने उसके साथ धक्का-मुक्की की,इसके बाद मकान पर ताला लगाकर वहां से चले गए।
चार साल रिलेशन में रहे, गर्भवती होने पर कराया गर्भपात
पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2018 में उसकी आरोपी युवक से दोस्ती हुई थी। इसके बाद दोनों चार साल तक रिलेशन में रहे। वर्ष 2022 में गर्भवती होने के बाद उसने युवक से शादी करने के लिए कहा। आरोप है कि युवक ने मजहब का हवाला देते हुए उसका गर्भपात करा दिया और इसके बाद शादी करने से इनकार कर दिया।
थाने पहुंचने के बाद कराया गया निकाह
महिला के थाने पहुंचने के बाद युवक शादी के लिए तैयार हुआ। इसके बाद कस्बा झिंझाना में दोनों का निकाह कराया गया। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति के घरवालों ने उसे गायब कर दिया। महिला का कहना है कि पिछले चार साल से वह न्याय के लिए पुलिस और अधिकारियों के चक्कर लगा रही है।
पीड़िता ने मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि अगर उसे इंसाफ नहीं मिला तो वह आत्महत्या कर लेगी। पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.