उज्जैन में शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने पर बवाल, पथराव के बाद पुलिस का लाठीचार्ज, 10 पर केस; 5 गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- सोमवार सुबह प्रशासन बाधक हिस्सा हटाने के लिए पहुंचा था
- पथराव में क्राइम ब्रांच की महिला TI पुष्पा पांचाल को चोट लगी
- पुलिस ने हालात संभालने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े
- शहर काजी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की
उज्जैन। एक ओर महाकाल की नगरी उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियां तेज गति से चल रही हैं, वहीं दूसरी ओर शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। शहर काजी की अपील के बावजूद उपद्रवियों ने दोबारा पथराव किया।
हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। मामले में 10 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, जबकि पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उज्जैन प्रशासन और शहर काजी ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करें।
पुलिस और उपद्रवियों के बीच हिंसक झड़प
सोमवार सुबह प्रशासन की टीम जब बाधक हिस्से को हटाने पहुंची तो पुलिस और उपद्रवियों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान नारेबाजी भी हुई और कुछ समाजजन ने कार्रवाई का विरोध किया। उपद्रव की कोशिश कर रहे लोगों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। कार्रवाई के विरोध में मुस्लिम समाज का एक वर्ग आगर नाके पर एकत्र हो गया।
शहर काजी ने क्या अपील की?
उज्जैन में शादी मस्जिद का हिस्सा हटाए जाने को लेकर शहर काजी खलीर्कुरहमान ने कहा कि मस्जिद से जुड़ा मामला रात में ही सुलझा लिया गया था। उन्होंने समाज के लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिना वजह बाजार में खड़े न हों और वहां न जाएं। ऐसी कोई बात नहीं है जिसके लिए वहां जाने की जरूरत हो। जिस बात पर सहमति बनी है, वह काम पूरा होना है और संबंधित लोग अपना काम कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान नहीं देने और उनके चलते घर से बाहर न निकलने की अपील की।
उज्जैन के कलेक्टर ने क्या कहा?
उज्जैन कलेक्टर रोशन सिंह ने कहा कि 2028 में सिंहस्थ महाकुंभ का आयोजन होना है। बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य किए जा रहे हैं और मास्टर प्लान के अनुसार मार्गों का चौड़ीकरण चल रहा है। उन्होंने कहा कि अच्छी बात यह है कि सभी धर्म और समुदाय के लोग इसमें खुद अपना योगदान दे रहे हैं। उनके मकान या धर्मस्थल जो भी रास्ते के बीच में आ रहे हैं, उन्हें वे स्वयं हटा रहे हैं।
क्राइम ब्रांच की महिला टीआई को लगी चोट
शाही मस्जिद के पास बैरिकेडिंग की गई थी, जिसे भीड़ ने हटाने का प्रयास किया। उपद्रवियों की ओर से किए गए पथराव में क्राइम ब्रांच की महिला टीआई पुष्पा पांचाल घायल हो गईं।
क्या है मामला?
कंठाल चौराहा से गोपाल मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण के लिए शाही मस्जिद का करीब 10 फीट का बाधक हिस्सा हटाया जाना है। सोमवार सुबह प्रशासन और मुस्लिम समाज के बीच बातचीत के बाद समाजजन खुद बाधक हिस्सा हटाने के लिए पहुंचे थे। हालांकि, इस दौरान नारेबाजी हुई और कुछ समाजजन ने कार्रवाई का विरोध भी किया।
उल्लेखनीय है कि उज्जैन मास्टर प्लान 2035 के तहत कंठाल चौराहा से गोपाल मंदिर तक 15 मीटर चौड़ी सड़क प्रस्तावित है। शाही मस्जिद का कुछ हिस्सा इस सड़क की निर्धारित सीमा में बाधक बन रहा था। इसी हिस्से को हटाने के लिए कार्रवाई की जा रही है।
यह मार्ग महाकालेश्वर मंदिर, गोपाल मंदिर और शिप्रा तट को जोड़ता है। सिंहस्थ 2028 और धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही को आसान बनाने के उद्देश्य से मार्ग का चौड़ीकरण किया जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.