भाजपा की सरकार बनी तो 31 दिसंबर 2029 से पहले पंजाब होगा नशा मुक्त: अमित शाह

HIGHLIGHTS
- अमित शाह ने जालंधर के परागपुर में नशा मुक्त महारैली को संबोधित किया।
- उन्होंने पंजाब में नशे के मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधा।
- शाह ने कहा कि पंजाब के आगामी चुनाव में भाजपा का मुख्य मुद्दा नशा मुक्त पंजाब होगा।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जालंधर के परागपुर में आयोजित नशा मुक्त महारैली में पंजाब को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगर पंजाब में भाजपा की सरकार बनती है तो 31 दिसंबर 2029 से पहले राज्य को नशा मुक्त कर दिया जाएगा।
अमित शाह ने कहा कि पंजाब को नशा मुक्त बनाने का समय इसलिए आया है क्योंकि आम आदमी पार्टी की सरकार ने चिट्टे के व्यापार को खुलेआम चलने दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब के चुनाव में किसान, उद्योग, कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा समेत कई मुद्दे हैं, लेकिन आगामी चुनाव भाजपा केवल और केवल नशा मुक्त पंजाब के मुद्दे पर लड़ेगी।
शाह ने कहा कि वह पंजाब की माताओं और युवाओं से वादा करके जा रहे हैं कि इस चुनाव में भाजपा का समर्थन करें और कमल के फूल पर वोट दें। उन्होंने कहा कि 31 दिसंबर 2029 से पहले पंजाब को चिट्टे के व्यापार से मुक्त कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जालंधर आना उनके लिए सौभाग्य की बात है, लेकिन नशा मुक्त पंजाब के लिए जालंधर आना उनके लिए परम सौभाग्य की बात है।
पंजाब के योगदान का किया जिक्र
अमित शाह ने कहा कि पंजाब देश में दो चीजों के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि जब भी देश को खाने-पीने की जरूरत पड़ी, पंजाब के किसानों ने देश के गोदाम भरे और आज भी भर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आजादी से पहले का समय हो या आजादी के बाद का, जब भी देश की सुरक्षा की बात आई, पंजाब हमेशा तैयार रहा। पंजाबियों के बलिदान से न सिर्फ देश को आजादी मिली, बल्कि आजादी के बाद भी भारत की सीमाओं की रक्षा के लिए पंजाब ने सबसे ज्यादा बलिदान दिया है।
कश्मीर और नक्सल समस्या का किया जिक्र
अमित शाह ने कहा कि जब भाजपा यह वादा कर रही है कि 31 दिसंबर 2029 को पंजाब को चिट्टा मुक्त कर दिया जाएगा, तो उन्हें पता है कि केजरीवाल एंड कंपनी क्या कहने वाली है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो कहा है, उसे करके दिखाया है। शाह के मुताबिक, भाजपा ने कश्मीर को आतंकवाद से मुक्त करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने 50 साल पुरानी नक्सल समस्या को समाप्त करने का काम किया और नॉर्थ ईस्ट के आतंकवाद को भी खत्म किया।
अमित शाह ने कहा कि अब बारी 'चिट्टा मुक्त पंजाब' की है।
रैली से पहले अमित शाह ने श्री सिद्ध शक्तिपीठ देवी तालाब मंदिर में माथा भी टेका।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.