इमरान खान को बड़ी राहत, बुशरा बीबी से मिलने की मिली इजाजत; हाईकोर्ट ने सॉलिटरी कन्फाइनमेंट पर लगाई रोक

HIGHLIGHTS
- इमरान खान के परिवार को भी उनसे मिलने की अनुमति देने को कहा गया है।
- उनके बेटों के साथ टेलीफोन पर बातचीत की व्यवस्था करने का आदेश दिया गया है।
- जेल में रोजाना अखबार और किताबें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी इस समय रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद हैं और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में सजा काट रहे हैं।
पाकिस्तान की एक अदालत ने जेल में बंद इमरान खान और बुशरा बीबी को अकेले रखने यानी सॉलिटरी कन्फाइनमेंट पर रोक लगा दी है।
इमरान खान को बुशरा बीबी से मिलने की अनुमति
इस्लामाबाद हाई कोर्ट (IHC) ने अदियाला जेल प्रशासन को निर्देश दिया है कि जेल के नियमों के तहत इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को एक-दूसरे से मिलने की सुविधा दी जाए।
हाई कोर्ट का यह फैसला इमरान खान की बहन अलीमा खान और बुशरा बीबी की बेटी मुबाशरा खावर मानेका की ओर से दायर याचिकाओं के बाद आया। अलीमा खान ने इमरान खान को कथित तौर पर अकेले रखे जाने के खिलाफ अदालत का रुख किया था, जबकि मुबाशरा खावर मानेका ने भी याचिका दाखिल की थी।
परिवार से मुलाकात और फोन पर बातचीत की सुविधा
इस्लामाबाद हाई कोर्ट के जस्टिस खादिम हुसैन सूमरो ने फैसला सुनाते हुए निर्देश दिया कि इमरान खान के परिवार के सदस्यों को जेल नियमों के अनुसार उनसे मिलने की अनुमति दी जाए।
अदालत ने अधिकारियों को यह भी कहा कि इमरान खान और उनके बेटों के बीच टेलीफोन पर बातचीत की व्यवस्था की जाए। इसके अलावा अदियाला जेल प्रशासन को निर्देश दिया गया कि उन्हें रोजाना अखबार और किताबें उपलब्ध कराई जाएं और जेल नियमों के तहत चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
अदालत ने अदियाला जेल अधीक्षक को निर्देश दिया कि वह कोर्ट के आदेशों का पालन सुनिश्चित करें और 15 दिनों के भीतर अनुपालन रिपोर्ट पेश करें।
2023 से जेल में हैं इमरान खान
इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं। उनके समर्थकों और रिश्तेदारों की ओर से कई बार आरोप लगाया गया है कि अधिकारियों ने परिवार से मिलने और उचित चिकित्सा सुविधा तक उनकी पहुंच सीमित कर दी है। हालांकि, पाकिस्तान सरकार ने इन आरोपों को खारिज किया है।
बुशरा बीबी को पहली बार 31 जनवरी 2024 को भ्रष्टाचार से जुड़े एक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद जेल भेजा गया था। करीब नौ महीने जेल में रहने के बाद 24 अक्टूबर 2024 को उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया था।
इसके बाद 17 जनवरी 2025 को भ्रष्टाचार से जुड़े एक अन्य मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद बुशरा बीबी को फिर गिरफ्तार किया गया और तब से वह अदियाला जेल में बंद हैं।
पिछले महीने पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने सरकार को निर्देश दिया था कि इमरान खान को निजी ‘शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल’ में स्थानांतरित किया जाए। यह आदेश परिवार और समर्थकों की ओर से उनकी सेहत, खासकर इस साल की शुरुआत में सामने आई आंखों की बीमारी को लेकर लंबे समय से जताई जा रही चिंताओं के बाद आया था।
हालांकि, 20-21 अगस्त की रात इमरान खान को शिफा अस्पताल के बजाय सरकारी ‘पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज’ (PIMS) में चिकित्सा प्रक्रिया और जांच के लिए भर्ती कराया गया। इसके बाद उन्हें वापस अदियाला जेल भेज दिया गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.