SCO समिट की ग्रुप फोटो से PM मोदी को हटाने पर पाकिस्तान की किरकिरी, सोशल मीडिया पर मचा बवाल

HIGHLIGHTS
- तस्वीर मंगलवार को बिश्केक में हुए SCO शिखर सम्मेलन के दौरान ली गई थी।
- पाकिस्तान के पीएमओ की साझा तस्वीर में कुछ नेताओं को क्रॉप किया गया।
- क्रॉप की गई फोटो में शहबाज शरीफ को बीच में दिखाया गया।
नई दिल्ली। शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के दौरान पाकिस्तान पर सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर तस्वीर के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से साझा की गई SCO नेताओं की ग्रुप फोटो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को क्रॉप करके हटाने की बात सामने आई है।
क्रॉप की गई तस्वीर में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को बीच में दिखाया गया। वहीं, पीएम मोदी की ओर से साझा की गई तस्वीर में पूरा ग्रुप दिखाई दे रहा है, जिसमें शहबाज शरीफ भी शामिल हैं। यह तस्वीर मंगलवार को बिश्केक में आयोजित SCO शिखर सम्मेलन के दौरान ली गई थी। इसमें 10 सदस्य देशों के नेता एक साथ नजर आ रहे हैं।
पाकिस्तान ने साझा की क्रॉप की गई तस्वीर
पाकिस्तान के पीएमओ की ओर से साझा की गई तस्वीर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, ईरान के राष्ट्रपति और कुछ अन्य नेताओं को क्रॉप करके हटा दिया गया। तस्वीर को इस तरह से फ्रेम किया गया था कि शहबाज शरीफ ग्रुप के बीच में नजर आएं। इससे यह दिखाने की कोशिश की गई कि शहबाज को समूह में अधिक महत्वपूर्ण स्थान मिला है।

पीएम मोदी की फोटो से सामने आई पूरी तस्वीर
हालांकि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से साझा की गई मूल तस्वीर में पूरी स्थिति साफ दिखाई दी। इसमें पता चला कि शहबाज शरीफ वास्तव में दाईं ओर से चौथे स्थान पर खड़े थे।
मामला यहीं नहीं रुका। फेसबुक पर शहबाज शरीफ के आधिकारिक अकाउंट से बिश्केक में SCO नेताओं की राउंडटेबल बैठक के एक वीडियो से भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हटाए जाने का आरोप लगा। हालांकि, सोशल मीडिया यूजर्स ने इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया दी और कई लोगों ने पाकिस्तान के इस कदम का जवाब देने के लिए पूरी तस्वीरें साझा कीं।
कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने तस्वीर में शहबाज शरीफ के हाथों में भीख का कटोरा भी दिखाया। इसे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के पुराने बयान से जोड़कर देखा गया, जिसमें उन्होंने कहा था कि आर्थिक मदद के लिए उन्हें दुनिया भर में घूमना पड़ा था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.