केएमपी एक्सप्रेसवे पर ट्रक से टकराई श्रद्धालुओं की पिकअप, छह की मौत; 14 घायल

HIGHLIGHTS
- पिकअप में सवार सभी लोग मैनपुरी के रहने वाले थे।
- श्रद्धालु शुक्रवार को धार्मिक यात्रा के लिए निकले थे।
- सोमवार को खाटू श्याम और सालासर बालाजी मंदिर में दर्शन किए थे।
पलवल। हरियाणा के पलवल जिले में कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे की ओर जा टकराई। हादसे में छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में तीन पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। सभी घायलों को जिला नागरिक अस्पताल पलवल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
ड्राइवर की आंख लगने से हादसा होने की बात
हादसे में घायल श्रद्धालुओं के मुताबिक, पिकअप में सवार सभी लोग धार्मिक यात्रा पर निकले थे। मंगलवार तड़के KMP एक्सप्रेसवे से गुजरने के दौरान चालक की अचानक आंख लग गई। इसके बाद पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से जा टकराई।
टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई।
राहगीरों ने संभाला मोर्चा, घायलों को अस्पताल पहुंचाया
दुर्घटना के बाद आसपास से गुजर रहे राहगीर मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद पिकअप में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
सभी घायलों को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान विजय सिंह, राजकुमार, रेशमा देवी, कमला देवी, सुधा और महेश के रूप में हुई है।
मैनपुरी से धार्मिक यात्रा पर निकले थे सभी श्रद्धालु
मिली जानकारी के अनुसार, सभी श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के रहने वाले थे। वे शुक्रवार को धार्मिक यात्रा के लिए निकले थे। सोमवार शाम राजस्थान के खाटू श्याम और सालासर बालाजी मंदिर में दर्शन करने के बाद वे मथुरा-वृंदावन के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान मंगलवार सुबह पलवल में KMP एक्सप्रेसवे पर हादसा हो गया।
हादसे में घायल सुनील, श्वेता यादव, बीरेश, उमेद, विनोद कुमार, सरला, रूबी, रामसेवक, रवि, वाणी, वीनू, तन्नू, रेखा और गोरा देवी का जिला नागरिक अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन KMP एक्सप्रेसवे के किनारे खड़े ट्रक से टकराया था। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही छह लोगों की मौत हो गई और 14 अन्य घायल हो गए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.