तमिलनाडु में विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, पीएम मोदी बोले- शहरीकरण चुनौती नहीं; अवसर है

HIGHLIGHTS
- कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय भी मौजूद रहे।
- प्रधानमंत्री ने भारत के मोबाइल निर्माण और निर्यात में वृद्धि का जिक्र किया।
- उन्होंने शहरी विकास और बेहतर सार्वजनिक परिवहन को महत्वपूर्ण बताया।
चेन्नई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु के चेन्नई में 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इसके साथ ही कुछ परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया। इस कार्यक्रम में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य के विकास, रोजगार और बुनियादी ढांचे से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी।
पीएम मोदी ने क्या-क्या कहा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि तमिलनाडु के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। उन्होंने बताया कि आज से नवरात्रि का पावन पर्व शुरू हो रहा है। तमिलनाडु को शिव और शक्ति की भूमि बताते हुए उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में पहुंचने से पहले उन्हें जलकंडेश्वर मंदिर में भगवान शिव का आशीर्वाद लेने का सौभाग्य मिला। प्रधानमंत्री ने इस तीर्थभूमि से देशवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं भी दीं।
पीएम मोदी ने कहा कि विकास परियोजनाओं में कई ऐसी हैं, जो पूरी हो चुकी हैं और जिनका उद्घाटन किया जा रहा है, जबकि कुछ नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से लोगों का रोजाना आवागमन आसान होगा और उद्योग तथा व्यापार को भी मजबूती मिलेगी।
प्रधानमंत्री के मुताबिक, इन परियोजनाओं से तमिलनाडु के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने राज्य में आवागमन की सुविधाओं, औद्योगिक विकास, व्यापार और रोजगार के बीच संबंध पर जोर दिया।
भारत आज दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत आज दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता देश है। वर्ष 2014 के बाद से देश का इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात 11 गुना बढ़ा है, जबकि रक्षा निर्यात में 50 गुना वृद्धि दर्ज की गई है। इंजीनियरिंग उत्पादों के निर्यात ने भी नया रिकॉर्ड बनाया है।
उन्होंने कहा कि विनिर्माण क्षेत्र में हुई इस वृद्धि से देश के युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं। इसके साथ ही देश में बंदरगाहों के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है, ताकि जहाजरानी क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सके।
'राज्य के विकास से देश के विकास का मंत्र लेकर चला'
पीएम मोदी ने कहा कि कुछ दिन पहले ही देशवासियों के प्रेम और आशीर्वाद से उन्होंने सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्षों का महत्वपूर्ण पड़ाव पार किया है।
उन्होंने कहा, "मैं हमेशा राज्य के विकास से देश के विकास का मंत्र लेकर चला।"
शहरीकरण चुनौती नहीं, बल्कि अवसर है: पीएम मोदी
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि शहरी विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि उनका हमेशा से मानना रहा है कि शहरीकरण कोई चुनौती नहीं, बल्कि एक अवसर है। इस अवसर को साकार करने में सार्वजनिक परिवहन की महत्वपूर्ण भूमिका है। बेहतर सार्वजनिक परिवहन से लोगों का जीवन आसान होता है।
पीएम मोदी ने कहा कि परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए केवल सड़कों को चौड़ा करना पर्याप्त नहीं है। आधुनिक शहरों के लिए हर तरह के बुनियादी ढांचे का विकास जरूरी है। इसी सोच के तहत पिछले एक दशक में देशभर में मेट्रो कनेक्टिविटी के विस्तार पर ध्यान दिया गया है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में देश के केवल पांच शहरों में मेट्रो सेवाएं उपलब्ध थीं, जबकि अब 25 शहरों में मेट्रो संचालित हो रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने राज्यों की अपेक्षाओं को समझा था। प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्होंने न केवल उन अपेक्षाओं को पूरा करने का प्रयास किया, बल्कि हर राज्य को अपने विकास संबंधी लक्ष्यों को हासिल करने में मदद देने की भी कोशिश की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.